‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ का तीसरा एपिसोड ‘द लव लेटर’ रिलीज, पुरानी चिट्ठी में छिपा मिला हत्या का राज
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 04:00 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। शॉर्ट-फॉर्म डिजिटल प्रोजेक्ट ‘अनकही’ को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह और उनका प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स अब अपनी वीकली क्राइम-थ्रिलर सीरीज ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ के जरिए दर्शकों के सामने हर हफ्ते एक नई कहानी पेश कर रहे हैं। सनशाइन डिजिटल के क्रिएटिव हेड संजय उपाध्याय की अगुवाई में तैयार की गई यह एआई-पावर्ड सीरीज हर गुरुवार सनशाइन पिक्चर्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज होती है। इसी कड़ी में सीरीज का तीसरा एपिसोड ‘फाइल 3: द लव लेटर’ रिलीज कर दिया गया है।
रिटायर्ड टीचर की मौत से शुरू होती है कहानी
‘द लव लेटर’ की कहानी रिटायर्ड स्कूल टीचर महेश वर्मा की रहस्यमयी मौत से शुरू होती है। उनका शव स्टडी रूम में मिलता है और पास ही एक पुरानी रोमांटिक चिट्ठी पड़ी होती है, जो शालिनी नाम की महिला के नाम लिखी गई है। पहली नजर में पुलिस को शक होता है कि महेश की मौत का संबंध उनके पुराने प्रेम संबंध से हो सकता है। उनके बेटे अमित को भी यही लगता है।
लेकिन जांच के दौरान कहानी पूरी तरह पलट जाती है। फॉरेंसिक रिपोर्ट से पता चलता है कि चिट्ठी दशकों पुरानी नहीं, बल्कि हत्या से कुछ दिन पहले ही लिखी गई थी। इसके बाद पुलिस महेश की जिंदगी से जुड़े पहलुओं की गहराई से जांच शुरू करती है।
चिट्ठी में छिपा था हत्या का राज
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को चिट्ठी में एक बेहद चालाक कोड छिपा हुआ मिलता है। इसके बाद सामने आता है कि यह सिर्फ कोई प्रेम पत्र नहीं था, बल्कि महेश ने अपनी मौत से पहले सच्चाई सामने लाने के लिए इसे एक सुराग के तौर पर इस्तेमाल किया था।
यही ट्विस्ट एपिसोड को एक साधारण मर्डर मिस्ट्री से आगे ले जाता है और दर्शकों को लगातार यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर महेश किस सच को दुनिया के सामने लाना चाहते थे।
इमोशन के साथ सस्पेंस का तड़का
‘द लव लेटर’ की खासियत सिर्फ इसका सस्पेंस और ट्विस्ट नहीं है। कहानी में इमोशन और परिवार के रिश्तों को भी अहम जगह दी गई है। एपिसोड यह सवाल खड़ा करता है कि जो चीज सामने दिखाई देती है, क्या जरूरी है कि सच्चाई भी वही हो?
कहानी के अंत में माता-पिता और बच्चों के रिश्ते को लेकर एक भावुक संदेश भी सामने आता है। इसमें इस बात को रेखांकित किया गया है कि माता-पिता अपने बच्चों को समझना और उनके साथ समय बिताना चाहते हैं, लेकिन कई बार सच्चाई सामने आने में बहुत देर हो जाती है।
A post shared by Sunshine Pictures (@sunshinepicturesofficial)
अगली फाइल का बढ़ा इंतजार
‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ के अब तक के एपिसोड्स की तरह ‘फाइल 3: द लव लेटर’ भी कम समय में एक क्राइम मिस्ट्री, इमोशन और अप्रत्याशित ट्विस्ट को समेटने की कोशिश करती है। एपिसोड के अंत में छोड़े गए सवाल अब दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं और अगली फाइल का इंतजार दिलचस्प बना रहे हैं।
