Nayyi Navelli Review: डर और हंसी के बीच उलझे रहस्यों की अनोखी कहानी

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 12:18 PM (IST)

फिल्म- नई नवेली (Nayyi Navelli)
स्टारकास्ट- यामी गौतम (Yami Gautam), आदिनाथ कोठारे (Aditya Kothare), मीता वशिष्ठ (Meeta Vashisht)
डायरेक्टर- बालाजी मोहन (Balaji Mohan)
रेटिंग- 3.5*

Nayyi Navelli: यामी गौतम स्टारर फिल्म ‘नई नवेली’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में यामी गौतम के साथ आदिनाथ कोठारे भी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं। हॉरर-कॉमेडी के जॉनर में बनी ‘नई नवेली’ की कहानी दिलचस्प है, जो दर्शकों को डराने के साथ-साथ हंसाने का भी दावा करती है। तो चलिए, जानते हैं फिल्म की कहानी और इसमें क्या है खास।


कहानी
फिल्म ‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ से शुरू होती है, जहां मोहिनी को लोग डायन समझते हैं। लेकिन कहानी में आगे पता चलता है कि मोहिनी कोई डायन नहीं, बल्कि एक देवी है, जो धरती पर एक खास पत्थर की तलाश में है। इस पत्थर को रावण के पाप से जुड़ा बताया जाता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, कई रहस्य सामने आते हैं और कहानी में नए मोड़ आते हैं। धीरे-धीरे पता चलता है कि असली रहस्य मोहिनी में नहीं, बल्कि उसके पति राजा में छिपा है, जिसके भीतर रावण के पाप का अंश मौजूद है। फिल्म में एक के बाद एक कई ट्विस्ट और दिलचस्प मोड़ देखने को मिलते हैं, जो दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखते हैं। अब इन रहस्यों के पीछे की असली कहानी क्या है और आगे क्या होता है, यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।


एक्टिंग
फिल्म नई नवेली में यामी गौतम ने मोहिनी के किरदार को बेहद खूबसूरती से निभाया है। उनके अभिनय में मासूमियत, रहस्य और शरारत का अच्छा मेल देखने को मिलता है, जो उनके किरदार को दिलचस्प बनाता है। आदिनाथ कोठारे ने राजा के किरदार में अच्छा काम किया है और यामी के साथ उनकी केमिस्ट्री भी कहानी को मजबूती देती है। आदित्य कुलश्रेष्ठ अपने किरदार के जरिए कॉमेडी और शक के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे कई दृश्य मनोरंजक बनते हैं। सुनीता राजवर और सुष्मिता मुखर्जी ने अपने अनुभव और सहज अभिनय से पारिवारिक दृश्यों को प्रभावी बनाया है। वहीं, मीता वशिष्ठ और सोनल झा ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ कहानी में जरूरी योगदान दिया है। कुल मिलाकर, फिल्म की स्टारकास्ट का अभिनय कहानी के हॉरर, कॉमेडी और पारिवारिक ड्रामे को बेहतर बनाने में मदद करता है।। 


डायरेक्शन
फिल्म ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसके निर्माता आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं। फिल्म का कॉन्सेप्ट बिल्कुल अलग और नया है, जो इसे दूसरी फिल्मों से अलग बनाता है। निर्देशक ने कहानी को बेहद दिलचस्प और शानदार तरीके से पर्दे पर पेश किया है। फिल्म में कहीं भी कहानी अधूरी या बिखरी हुई महसूस नहीं होती, बल्कि हर सीन को बारीकी से दिखाया गया है और सभी पहलुओं को अच्छी तरह से जोड़ा गया है। ग्राफिक्स का इस्तेमाल भी कहानी के हिसाब से अच्छा है, जिससे फिल्म के कई दृश्य प्रभावशाली बनते हैं। खास बात यह है कि निर्देशक ने हॉरर और कॉमेडी का बेहतरीन तालमेल बिठाया है, जो दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें एक नया अनुभव भी देता है। फिल्म का अनोखा कॉन्सेप्ट और उसे पेश करने का तरीका दर्शकों को कई नई बातें जानने और समझने का मौका देता है। कुल मिलाकर, बालाजी मोहन ने एक अलग तरह की कहानी को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारने की कोशिश की है, जो दर्शकों के लिए दिलचस्प साबित होती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News