अनुभव सिन्हा की फिल्मों की वास्तविकता भावनाओं को झकझोर देती है : तापसी पन्नू
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 03:46 PM (IST)
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा ने हिंदी सिनेमा में खुद को एक सबसे प्रभावशाली अभिनेता-निर्देशक जोड़ी के रूप में स्थापित किया है। मुल्क और थप्पड़ जैसी फिल्मों के बाद, अब ये दोनों अपनी तीसरी सहयोगी फिल्म अस्सी के साथ लौट रहे हैं, जिसे दर्शक मिस नहीं कर सकते। यह फिल्म एक तेज़-तर्रार कोर्टरूम ड्रामा है, जो अपनी तीव्र कहानी, दमदार संवाद और आलोचकों द्वारा सराहे गए कलाकारों के कारण पहले ही चर्चा में है।
अनुभव सिन्हा के साथ काम करने पर क्या बोलीं तापसी पन्नू
तापसी पन्नू ने अनुभव सिन्हा के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा- मैं अनुभव सर को केवल कोर्टरूम ड्रामा तक सीमित नहीं देखती। उनकी फिल्में इतनी वास्तविक और जीवन से करीब महसूस होती हैं कि दर्शक उन्हें अनदेखा नहीं कर पाते। चाहे वो मुल्क या अस्सी हो, या थप्पड़ और आर्टिकल 15, उनके स्टोरीटेलिंग का तरीका इतनी सहजता से तथ्यों को सामने रखता है कि असली जीवन की झलक आपको हिला देती है।
उन्होंने आगे कहा, जब किसी निर्देशक के पास सबसे साधारण कहानी को भी सबसे शक्तिशाली अंदाज़ में पेश करने की क्षमता हो, तो अभिनेता खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। अनुभव सर की फिल्मों में अगर आप पूरी तरह से निवेशित हैं, तो गलत होना नामुमकिन है। उनके दिए गए संवाद और सीन ऐसा अनुभव कराते हैं जैसे बच्चा कैंडी की दुकान में हो।
फिल्म की कहानी और ट्रेलर
‘अस्सी’ का ट्रेलर कुछ असहज सच्चाइयों से रूबरू कराता है, जिन्हें हम अक्सर अनदेखा कर देते हैं। यह हमें रोज़मर्रा की खबरों की याद दिलाता है, जो शोर में खो जाती हैं, और हमें उनसे नजर नहीं हटाने देता।
फिल्म में तापसी पन्नू के अलावा कानी कुशरुती, रेवथी, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब भी हैं, और नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाव्हा स्पेशल अपीयरेंस में हैं, जो फिल्म की गहराई को और बढ़ाते हैं।
निर्माण और रिलीज़
गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि यह फिल्म बेनेरास मीडिया वर्क्स का प्रोडक्शन है। इसे अनुभव सिन्हा ने डायरेक्ट किया है और निर्माता हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा। अस्सी का विश्वव्यापी थियेट्रिकल रिलीज़ 20 फरवरी 2026 को होगा।
