पहली लुक ने बढ़ाई एक्साइटमेंट ! Saiyaara के बाद Ahaan Panday की नई फिल्म का हुआ ऐलान
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 02:09 PM (IST)
Mumbai : Yash Raj Films और निर्देशक अली अब्बास जफर की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। अपनी पहली फिल्म Saiyaara से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले Ahaan Panday अब एक बड़े स्तर की एक्शन-रोमांटिक फिल्म में नजर आएंगे। निर्देशक अली अब्बास जफर ने आज सोशल मीडिया के जरिए इस नए प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा करते हुए अहान पांडे का पहला लुक साझा किया, जिसने देखते ही देखते फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।

इस फिल्म का निर्माण Yash Raj Films के बैनर तले हो रहा है, जिसे फिलहाल 'प्रोडक्शन नंबर 79' का नाम दिया गया है। फिल्म की शूटिंग आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है, जिसकी जानकारी अली अब्बास जफर ने इंस्टाग्राम पर एक क्लैप बोर्ड की तस्वीर साझा करते हुए दी। अहान पांडे का जो लुक सामने आया है, वह काफी प्रभावशाली और गंभीर है। छोटे बालों और गहरे हाव-भाव के साथ वह एक इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि वह इस बार एक अलग शैली में खुद को परखने वाले हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह अली अब्बास जफर और आदित्य चोपड़ा की साथ में पांचवीं फिल्म होगी। इससे पहले यह जोड़ी 'मेरे ब्रदर की दुल्हन', 'गुंडे', सुल्तान और टाइगर जिंदा है जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में इंडस्ट्री को दे चुकी है। अहान की इस नई पारी को लेकर न केवल प्रशंसक बल्कि बॉलीवुड जगत के सितारे भी काफी उत्साहित हैं। अर्जुन कपूर ने इस लुक को 'मास' करार दिया है, जबकि हितेन तेजवानी और रजत बेदी जैसे कलाकारों ने भी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

फिलहाल फिल्म के आधिकारिक टाइटल और मुख्य अभिनेत्री के नाम को गुप्त रखा गया है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। इस बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग मुंबई के साथ-साथ कई विदेशी लोकेशन्स पर भी की जानी तय हुई है। सैयारा के बाद अहान पांडे के लिए यह फिल्म उनके करियर का एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है, जहां उन्हें अली अब्बास जफर जैसे मंझे हुए निर्देशक के साथ एक्शन और रोमांस का जादू बिखेरने का मौका मिलेगा।
