लंदन में गिरफ्तारी के बाद माल्या को मिली जमानत

punjabkesari.in Tuesday, Apr 18, 2017 - 05:55 PM (IST)

नई दिल्लीः लंदन में गिरफ्तार हुए भारत के भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को जमानत मिल गई है। माल्या को वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। बता दें कि भारतीय बैंकों की 9 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की देनदारी का सामना कर रहे माल्या देश छोड़कर काफी वक्त से लंदन में रह रहे थे। माल्या पर कई दूसरे गंभीर वित्तीय आरोप भी लगे हुए हैं।

सुबह 9 बजे हुई गिरफ्तारी
स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रत्यर्पण के वारंट पर भारतीय बिजनेसमैन माल्या को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह अनुरोध सी.बी.आई. द्वारा किया गया था। स्थानीय (ब्रिटेन) के समय के अनुसार माल्या को सुबह 9 बजे गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार, ब्रिटिश एडमिनिस्ट्रेशन ने भारतीय जांच एजेंसी सी.बी.आई. को माल्या की गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया है। 

सी.बी.आई. की टीम प्रत्यर्पण के लिए जाएगी लंदन
माल्या की गिरफ्तारी के साथ ही भारत सरकार ने उनके प्रत्यर्पण की कोशिशें शुरू कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक सी.बी.आई. की एक टीम जल्द ही इस सिलसिले में ब्रिटेन का दौरा करेगी। इस संबंध में कुछ ही देर में सी.बी.आई. एक प्रेस कान्फ्रेंस कर सकती है। 

क्या है माल्या का मामला?
किंगफिशर एयरलाइंस पर करीब 9000 करोड़ रुपए का कर्ज बकाया है। यह कर्ज एस.बी.आई. की अगुवाई वाले 17 बैंकों के समूह ने दिया था। पिछले साल मार्च में माल्या भारत से निकल गए थे। उससे पहले उन्होंने यूएसएल के साथ डील की थी, जिसमें उन्हें कंपनी से हटने के एवज में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम मिली थी और उस वक्त रही किसी भी 'पर्सनल लायबिलिटी' से वह मुक्त कर दिए गए थे। तब से माल्या ब्रिटेन में है। इसके कुछ दिन बाद ही सुप्रीम कोर्ट ने माल्या को अपने पासपोर्ट के साथ व्यक्तिगत रूप से 30 मार्च, 2016 को पेश होने को कहा था। भारत ने इस साल 8 फरवरी को औपचारिक तौर पर ब्रिटेन सरकार को भारत-ब्रिटेन प्रत्यर्पण संधि के तहत माल्या के प्रत्यर्पण का औपचारिक आग्रह किया था। वहीं, प्रॉपर्टीज की नीलामी अब लैंडर्स की ओर से एस.बी.आई. कैप ट्रस्टी करा रहा है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News