कान्हा को क्यों चढ़ाया जाता है छप्पन भोग? गोवर्धन पूजा पर जानें अन्नकूट उत्सव का धार्मिक महत्व
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 04:06 PM (IST)
Why 56 Bhog To Lord Krishna : सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा का पर्व बहुत खास माना जाता है। दिवाली के अगले दिन मनाए जाने वाले इस त्योहार पर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस दिन मंदिरों से लेकर घरों तक विशेष रौनक देखने को मिलती है। भक्त भगवान कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए तरह-तरह के पकवान तैयार करते हैं। इनमें सबसे खास होता है छप्पन भोग, जिसे अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजन अर्पित किए जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कान्हा को आखिर छप्पन भोग ही क्यों लगाया जाता है। इस परंपरा के पीछे एक दिलचस्प पौराणिक कथा जुड़ी हुई है। तो आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट उत्सव का महत्व और छप्पन भोग की परंपरा कैसे शुरू हुई।
क्या है अन्नकूट उत्सव?
अन्नकूट का अर्थ है अलग-अलग प्रकार के अन्न और पकवानों का बड़ा समूह। गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण को कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। इस परंपरा को अन्नकूट महोत्सव कहा जाता है। इस दिन भक्त अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार मिठाइयां, फल, सब्जियां, अनाज, दालें और दूध से बने पकवान तैयार करते हैं। मंदिरों में भी विशेष रूप से अन्नकूट सजाया जाता है। इसके बाद भगवान की पूजा और आरती करके प्रसाद भक्तों में बांटा जाता है। अन्नकूट उत्सव को अन्न के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और भगवान के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
भगवान श्रीकृष्ण को क्यों लगाया जाता है 56 भोग?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाने की परंपरा उनके बाल स्वरूप से जुड़ी हुई है। कहा जाता है कि माता यशोदा बचपन में कान्हा को दिन में आठ बार भोजन कराती थीं। एक बार जब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र देव के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था, तब वे लगातार सात दिनों तक पर्वत को धारण किए रहे। इस दौरान उन्होंने न तो भोजन किया और न ही विश्राम किया। जब सातवें दिन बारिश बंद हुई और ब्रजवासी सुरक्षित हो गए, तब माता यशोदा और गोपियों ने कान्हा को भोजन कराने की तैयारी की। मान्यता है कि सात दिनों तक आठों पहर भोजन न कर पाने के कारण उनके लिए कुल 56 प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। इसी घटना को छप्पन भोग की परंपरा की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। तभी से गोवर्धन पूजा पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 पकवान अर्पित करने की मान्यता प्रचलित है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
