Weekly numerology (14-20 June): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jun 14, 2021 - 08:20 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। कामकाज की अधिकता के कारण निजी जीवन को कम समय दें पाएंगे। किसी गुप्त रोग के कारण परेशान हो सकते हैं। कोई त्वचा विकार उत्पन्न हो सकता है। समय पर चिकित्सक से सलाह लें। सप्ताह के मध्य में कार्य क्षेत्र पर उच्च अधिकारियों के साथ अनबन हो सकती है। हालांकि सप्ताह के अंत में परिस्थितियां बेहतर रहेंगी। किसी दोस्त की मदद से सारे काम सफल होंगे। आपका आत्म बल और आत्मसम्मान बढ़ेगा। मन प्रसन्न रहेगा।
उपाय:- पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। 
तांबे की वस्तुओं का दान न करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों को सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा संयम से बिताना होगा। मानसिक परेशानियां सामने आ सकती हैं। खर्चों की अधिकता के कारण नकदी धन की कमी हो सकती है। माता की सेहत का ख्याल रखें। सप्ताह के मध्य में आपकी जिम्मेदारियां बढ़ने के कारण भागदौड़ ज्यादा लगी रहेगी। कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें। हालांकि सप्ताह के अंत का समय बेहतर रहेगा। आप आत्मबल में वृद्धि और साहस महसूस करेंगे। कार्यक्षेत्र में कोई काम अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर करेंगे, जिसमें आपको सफलता भी हासिल होगी।
उपाय:- सफेद रंग के वस्त्र धारण करें। 
जल का अपव्यय न करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों को सप्ताह की शुरुआत में कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। व्यापारिक स्तर पर कोई फैसला लेते हुए सावधानी बरतें। आपके काम करने के रवैया में कुछ परिवर्तन आ सकता है। सप्ताह के मध्य में मूलांक 3 वाले जातकों का मन ज्योतिष विद्या की ओर आकर्षित हो सकता है। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अनुकूल है। पिता की मदद से आपके कार्य संपन्न होंगे। आपकी योजनाओं और अनुभव को एक नई शुरुआत प्राप्त होगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। एकाग्रता में वृद्धि होगी।
उपाय:-  पीले रंग का रुमाल अपने पास रखें। 
सूर्य को जल दें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले परिणाम लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत में कोई अनैतिक कार्य करने से बचें। व्यर्थ के लांछनों का सामना करना पड़ सकता है। प्रेम संबंधों में शक उत्पन्न हो सकता है। सप्ताह के मध्य का समय कुछ महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आया है। भागदौड़ ज्यादा लगी रहेगी। किसी मित्र की सलाह से काम बनेंगे। आपके विचारों में स्थिरता आएगी। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। पिता की सेहत का ख्याल रखें। सरकारी कार्यों में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। क्रोध में आकर वाणी पर संयम को न खोएं।
उपाय:- चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें। 
हनुमान जी के मंदिर में दर्शन करने जाएं।


मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वाले जातकों के लिए सप्ताह के परिणाम अच्छे रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में किसी महिला मित्र अथवा महिला सहकर्मी की सहायता से कार्य पूरे होंगे। जीवन साथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। कोई प्रेम संबंध जीवन में दस्तक दे सकता है। व्यापारिक स्तर पर लाभ प्राप्ति के योग बनते हैं। आप कोई खरीदारी करने जा सकते हैं। सप्ताह के अंत में काम की ज्यादा भागदौड़ के कारण स्वयं के रखरखाव की और कम ध्यान दें पाएंगे। मन थोड़ा परेशान रहेगा। व्यायाम और योग सहायक साबित होंगे।
उपाय:- कन्या को भोजन करवाएं। 
गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातकों के लिए इस सप्ताह के परिणाम औसतन सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। जीवन साथी के साथ संबंध अच्छे होंगे। वाहन खरीदने के योग बनते हैं। अपने मन की बातों को जीवन साथी के साथ साझा करें। मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में आप खरीदारी पर जा सकते हैं परंतु चीजें पसंद करने में आपको समय लगेगा। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। ऑफिस में काम ज्यादा बना रहेगा। घर में पिता के साथ अनबन हो सकती है।
उपाय:- वस्त्रों का दान न करें। 
इत्र का इस्तेमाल करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह अधिकांश रूप से शुभ फलप्रदायी रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में शादीशुदा जातक अपनी मां के घर जा सकते हैं। मां बेटी के संबंध अच्छे होंगे। अपने मन की बात को जीवन साथी के साथ साझा करें। आपके मन का बोझ हल्का होगा। आप पहले से बेहतर महसूस करेंगे। रिश्तो में मजबूती आएगी। सप्ताह के मध्य में किसी लोहे के औजार का इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरतें। घर में कुछ मांगलिक कार्यों के आयोजन में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में पिता की सलाह के कुछ काम बनेंगे। मन परेशान रहेगा। अनिद्रा की परेशानी सता सकती है।
उपाय:-  कानों में सोना धारण करें। 
कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। सप्ताह की शुरूआत का समय घर-परिवार के साथ अच्छा बीतेगा। जीवन साथी के साथ रिश्तो में मधुरता बढ़ेगी। आप खरीदारी करने जा सकते हैं। सप्ताह के मध्य में यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें। सप्ताह के मध्य में जमीन के लेन-देन अथवा प्रॉपर्टी संबंधी मामलों में भागीदार बन सकते हैं। कार्य थोड़ी धीमी गति से होंगे। आलस्य आपको घेर सकता है। छोटी बहन भाइयों के साथ विवाद संभव है, वाणी में कठोरता न लेकर आएं। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। घर के बड़ों के साथ अनबन हो सकती है।
उपाय:-  काली उड़द की दाल जल प्रवाह करें। 
सरसों के तेल का दान करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों को सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा संयम से बिताना होगा। अपने क्रोध पर काबू रखें अन्यथा रिश्तों में दूरियां आ सकती हैं। आपका उतावलापन बने बनाएं काम बिगाड़ देगा। संतान पक्ष को लेकर चिंतित हो सकते हैं। जमीन संबंधी मामलों में धैर्य से काम लें। कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिसके कारण बाद में मानहानि का सामना करना पड़े। पिता की सलाह से काम पूरे होंगे। सप्ताह के अंत में नौकरी और कारोबार में तरक्की के योग बनते हैं।
उपाय:-  हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News