Violence breaks out after mosque demolished: मुम्बई में अवैध मस्जिद को गिराने पर भड़की हिंसा
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 10:57 AM (IST)
मुम्बई (प.स.): मुम्बई के बांद्रा इलाके में झुग्गी-बस्ती में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान बुधवार को कथित रूप से एक अवैध धार्मिक ढांचा तोड़े जाने के बाद हिंसा भड़क गई और स्थानीय निवासियों ने पत्थर फैंके जबकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। पथराव में 10 पुलिस कर्मी घायल हो गए।
पश्चिम रेलवे ने बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद बांद्रा रेलवे स्टेशन के निकट गरीब नगर स्लम इलाके में मंगलवार को व्यापक अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर 500 अवैध झोंपड़ियों में से अधिकतर को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों को रेलवे भूमि पर 5200 वर्ग मीटर हिस्से पर से अतिक्रमण हटाना है।
बुधवार को अतिक्रमण रोधी अभियान के दूसरे दिन दोपहर के समय अधिकारियों ने झुग्गी-बस्ती में स्थित तीन मंजिला मस्जिद को ढहा दिया। हालांकि स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि अधिकारियों ने उन्हें ध्वस्तीकरण से पहले मस्जिद परिसर के अंदर से सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया। ओल्ड गरीब नगर सुन्नी मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के समय बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसके कारण तनाव फैल गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
