विंध्यांचल धाम में बनेगा हैलीपोर्ट, श्रद्धालुओं को मिलेगी हैलीकॉप्टर सेवा
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 08:56 AM (IST)
मिर्जापुर (एजैंसी): उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ विंध्यांचल धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग हैलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से हैलीपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे विंध्यधाम का हवाई संपर्क मजबूत होगा और श्रद्धालु प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हैलीपोर्ट का निर्माण मां विंध्यवासिनी मंदिर के निकट पटेंगरा नाला क्षेत्र में किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सी. एंड डी.एस. संस्था को सौंपी गई है। काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विंध्यांचल धाम में कॉरिडोर निर्माण के बाद त्रिकोण पथ पर स्थित मां काली और मां अष्टभुजा देवी मंदिरों के विकास कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है, जिसे देखते हुए सरकार ने हैलीपोर्ट निर्माण का निर्णय लिया है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
