Vastu Tips : घर की शुद्धि अब खुद करें ! बिना पंडित और बिना खर्च जानें चमत्कारी तरीका
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 01:42 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Vastu Tips : घर में नकारात्मक ऊर्जा का वास होने से न केवल मानसिक तनाव बढ़ता है, बल्कि स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ता है। कई बार हमें लगता है कि घर की शुद्धि के लिए भारी-भरकम पूजा-पाठ या पंडितों की आवश्यकता है, लेकिन असल में हमारे शास्त्रों और प्राचीन पद्धतियों में ऐसे कई सरल उपाय बताए गए हैं जिन्हें आप बिना एक पैसा खर्च किए खुद कर सकते हैं।

ब्रह्म मुहूर्त में घर की सफाई और ताजी हवा
शुद्धि की शुरुआत हमेशा भौतिक सफाई से होती है। सुबह सूर्योदय से पहले उठना सबसे उत्तम माना जाता है। सुबह उठते ही घर की खिड़कियां खोल दें। ताजी हवा और सूर्य की पहली किरणें प्राकृतिक रूप से कीटाणुओं और नकारात्मक ऊर्जा का नाश करती हैं। घर में जाले होना दरिद्रता और मानसिक उलझन का प्रतीक हैं। इन्हें तुरंत साफ करें।
नमक के पानी का पोंछा
नमक नकारात्मक ऊर्जा को सोखने की अद्भुत क्षमता रखता है। यह विज्ञान और अध्यात्म दोनों ही दृष्टि से शुद्धिकरण का सबसे सस्ता और सटीक तरीका है।बाल्टी भर पानी में दो चम्मच सेंधा नमक मिलाएं। इस पानी से पूरे घर में पोंछा लगाएं। गुरुवार के दिन नमक का पोंछा लगाने से बचना चाहिए। बाकी सभी दिन यह उपाय घर की 'नजर' उतारने के लिए बेहतरीन है।
गंगाजल या तुलसी के पानी का छिड़काव
अगर आपके पास गंगाजल है, तो यह सर्वोत्तम है। यदि नहीं है, तो आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। एक लोटे पानी में 4-5 तुलसी के पत्ते डालें और इसे कुछ देर के लिए छोड़ दें। ओम नमो भगवते वासुदेवाय या गायत्री मंत्र का जाप करते हुए इस जल को आम के पत्ते या फूल की मदद से घर के हर कोने में छिड़कें। बाथरूम में जल न छिड़कें।

प्राकृतिक धूनी का प्रयोग
शाम के समय एक मिट्टी के दीये या कंडे पर दो कपूर और दो लौंग जलाकर पूरे घर में घुमाएं। कपूर की खुशबू बैक्टीरिया मारती है और वातावरण को शांत करती है। यदि घर में कोई बीमार रहता है, तो नीम के सूखे पत्ते और पीली सरसों को जलाकर उसका धुआं पूरे घर में फैलाएं।
मंत्रों की शक्ति और ध्वनि विज्ञान
ध्वनि तरंगों का हमारे दिमाग और घर के वातावरण पर गहरा प्रभाव पड़ता है। सुबह-शाम पूजा के समय शंख बजाएं। शंख की ध्वनि जहां तक जाती है, वहां तक की नकारात्मक ऊर्जा नष्ट हो जाती है। अगर आपको मंत्र याद नहीं हैं, तो मोबाइल या स्पीकर पर 'हनुमान चालीसा', 'गायत्री मंत्र' या 'महामृत्युंजय मंत्र' धीमी आवाज में चला दें। इससे घर का ऑरा सकारात्मक होता है।
मुख्य द्वार की शुद्धि
घर का मुख्य द्वार वह स्थान है जहां से ऊर्जा प्रवेश करती है। थोड़े से पानी में हल्दी घोलकर मुख्य द्वार के दोनों तरफ स्वास्तिक बनाएं। हल्दी एंटी-सेप्टिक होने के साथ-साथ शुभता का प्रतीक है। रोज सुबह मुख्य द्वार पर एक लोटा साफ पानी छिड़कने से पितृ प्रसन्न होते हैं और बाहरी नकारात्मकता अंदर नहीं आती।

