Vaishno Devi Landslid news: माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन
punjabkesari.in Wednesday, Aug 27, 2025 - 07:52 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली (एजैंसी): उत्तर भारत के बड़े हिस्सों विशेषरूप से हिमालयी क्षेत्रों में मंगलवार को लगातार बारिश ने कहर बरपाया जहां भूस्खलन हुए, निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कई सड़कें व पुल बह गए। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश की वजह से रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार अपराह्न भूस्खलन हुआ। चपेट में आने से कम से नौ लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। डोडा जिले में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।
माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुए भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। भारी बारिश के कारण हिमालय से निकलने वाली नदियां और सहायक नाले उफना गए हैं। बांधों और बैराजों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ना पड़ा, जिससे निचले इलाकों, खासकर पंजाब में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई।