दिल्ली से 253 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना

punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 07:25 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा बैसाखी और खालसा साजना दिवस के मौके पर दिल्ली से 253 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना किया गया जो पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन कर वापस आएंगे। गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब से अरदास करने के बाद जत्था रवाना किया गया। दिल्ली कमेटी के सलाहकार परमजीत सिंह चढ़ोक द्वारा सभी श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने भी जत्थे में जाने वाली संगतों को बधाई दी। परमजीत सिंह चढ़ोक ने बताया कि इस बार देश भर से 6751 श्रद्धालुओं के वीजा  लगे हैं। 

खालसा साजना दिवस पर श्रद्धालुओं ने आवेदन किया था और कमेटी ने 253 वीजा के लिए आवेदन किए जो सभी मिल गए। उन्होंने बताया कि यह जत्था 10 अप्रैल को सुबह 6 बजे वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेगा। आधा समूह गुरुद्वारा पंजा साहिब जाएगा और आधा गुरुद्वारा करतारपुर साहिब जाएगा। वहीं 12 अप्रैल को दोनों जत्थे ननकाना साहिब में एकत्र होंगे और 12, 13 और 14 अप्रैल को बैसाखी मनाएंगे। जो श्रद्धालु पहले पंजा साहिब गए हैं, वे करतारपुर साहिब जाएंगे और जो करतारपुर साहिब गए हैं, वे पंजा साहिब जाएंगे। 

लाहौर 16 अप्रैल को पहुंचेंगे और गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने के बाद 19 अप्रैल को भारत वापस लौटेगा। कमेटी द्वारा सरदार दलजीत सिंह सरना को इंचार्ज बनाकर उनके नेतृत्व में जत्था भेजा गया है। परमजीत सिंह चढ़ोक ने कहा, पहली बार सभी आवेदनों पर वीजा मिला है। इसके लिए दिल्ली के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जगदीप सिंह काहलों के मंत्रालय से संपर्क से ही संभव हुआ है। उन्होंने इस संदर्भ में भारत और पाकिस्तान की सरकारों का आभार भी जताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News