Ayodhya Ram Mandir : रामनवमी पर श्रद्धालुओं को मिलेगी खास सुविधा, सी.एम योगी ने दिए गोल्फ कार्ट और पार्किंग व्यवस्था के निर्देश
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 10:07 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Ayodhya Ram Mandir : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या का दौरा कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन और आगामी रामनवमी उत्सव की तैयारियों का व्यापक जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने न केवल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बल्कि प्रशासन और ट्रस्ट के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
राष्ट्रपति के आगमन की विशेष तैयारी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित दौरे के लिए सुरक्षा, स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी तैयारियां वक्त रहते पूरी कर ली जाएं। एयरपोर्ट से लेकर यात्रा मार्ग तक स्वच्छता और अतिथियों की सुविधा का खास ख्याल रखने को कहा गया है।
सुरक्षा और सतर्कता पर जोर
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए सीएम ने कड़े निर्देश दिए: सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। खुफिया तंत्र और एंटी-ड्रोन सिस्टम को अलर्ट पर रखा गया है। मंदिर परिसर में बिना गहन जांच के प्रवेश वर्जित रहेगा। असामाजिक और देशविरोधी तत्वों पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
रामनवमी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कई जनहितैषी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं को पैदल चलने की थकान से बचाने के लिए लता मंगेशकर चौक से हनुमानगढ़ी तक गोल्फ कार्ट चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जगह-जगह पीने के पानी की व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी। जो लोग मंदिर के करीब नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए दर्शन और पूजन का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीनों के माध्यम से किया जाएगा।
वी.आई.पी कल्चर पर लगाम और समन्वय
सी.एम योगी ने निर्देश दिया कि उत्सव के दौरान वीआईपी मूवमेंट को कम से कम रखा जाए ताकि आम भक्तों को परेशानी न हो। साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को आपसी तालमेल के साथ काम करने की सलाह दी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर म्यूजियम और परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट भी ली। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, चंपत राय और अन्य वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
