Ujjain Shiv Navratri 2026 : 57 लाख का भोग, 125 किलो ड्राई फ्रूट्स ! शिव नवरात्रि पर होगी महाकाल की ऐतिहासिक सजावट
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 09:09 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Ujjain Shiv Navratri 2026 : उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिव नवरात्रि के दौरान भक्ति और आस्था का भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर पुणे निवासी डॉ. सागर कोलते अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल को लगभग 57 लाख रुपये की विशेष पूजन सामग्री और भोग अर्पित कर रहे हैं।
इस सेवा में करीब 32 लाख रुपये का भव्य ‘महाराज भोग’, 18 लाख रुपये का खास ‘राजघराना उबटन’ और 7 लाख रुपये के चांदी के पात्र शामिल हैं। इस उबटन को खास बनाने के लिए इसमें स्वर्ण, रजत, हीरा और पुष्कराज की भस्म के साथ-साथ दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का मिश्रण किया गया है, जिससे नौ दिनों तक भगवान शिव का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा।
शिव नवरात्रि के दौरान बाबा महाकाल के लिए विशेष भोग व्यवस्था भी की गई है। प्रतिदिन लगभग 125 किलो उच्च गुणवत्ता वाले सूखे मेवों का भोग अर्पित किया जा रहा है। पहले दिन खजूर, दूसरे दिन जर्दालू चढ़ाया गया, जबकि आने वाले दिनों में अखरोट, अंजीर, किशमिश, सांगली के बेदाने, पिस्ता और मामरा बादाम अर्पित किए जाएंगे। महाशिवरात्रि के दिन विशेष रूप से 180 किलो काजू का भोग लगाया जाएगा। ये सभी प्रसाद चांदी के बड़े थालों में स्वर्ण वर्क से सुसज्जित कर गर्भगृह में अर्पित किए जा रहे हैं।
डॉ. सागर कोलते ने बताया कि बाबा महाकाल की कृपा से उनके विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों को निरंतर सफलता मिल रही है। इसी आभार और श्रद्धा के भाव से वे यह सेवा कर रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति ही नहीं बल्कि उज्जैन के नागरिकों और अपने कर्मचारियों के कल्याण की कामना करना भी है।
प्रतिदिन भोग के बाद महाप्रसादी का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जा रहा है, जिसमें प्रेस क्लब के पदाधिकारी और शहर के गणमान्य लोग भी शामिल होते हैं। इस आयोजन से पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना हुआ है।
