मंगलनाथ मंदिर में चांदी की भव्य जलाधारी अर्पित, 20 किलो चांदी से संवरा बाबा का दरबार
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 08:48 AM (IST)
Ujjain Mangalnath Temple News : विश्व प्रसिद्ध मंगलनाथ मंदिर में भगवान मंगलनाथ को करीब 20 किलोग्राम चांदी से निर्मित नई जलाधारी अर्पित की गई। हैदराबाद निवासी अमर ओहरी और सोनल ओहरी ने यह जलाधारी दान की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
नई जलाधारी की स्थापना से पहले मंदिर में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजन, हवन, यज्ञ और अनुष्ठान संपन्न कराए गए। निर्धारित मुहूर्त में गर्भगृह से पुरानी जलाधारी हटाकर नई जलाधारी स्थापित की गई। स्थापना की प्रक्रिया के दौरान करीब सात घंटे तक गर्भगृह के कपाट बंद रहे और श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहा।
मंदिर के मुख्य पुजारी महंत अक्षय भारती के अनुसार, भगवान मंगलनाथ की पुरानी जलाधारी वर्ष 2007 में स्थापित की गई थी। लंबे समय तक उपयोग के चलते उसमें कई छोटे-छोटे छेद हो गए थे। इससे सेवा, आरती और पूजन के दौरान पुजारियों, श्रद्धालुओं और यजमानों को परेशानी होती थी। कई बार ये छेद हाथों में भी चुभ जाते थे।
समस्या को देखते हुए नई जलाधारी तैयार कराने का संकल्प अमर ओहरी और सोनल ओहरी ने लिया। मंदिर की नाप के अनुसार करीब 20 किलो चांदी से इसे तैयार कराया गया। नई जलाधारी स्थापित होने के बाद मुख्य पुजारी ने बताया कि अब भगवान मंगलनाथ का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट और पूर्ण दिखाई दे रहा है। पुरानी जलाधारी के कारण भगवान का स्वरूप पूरी तरह निखरकर सामने नहीं आ पा रहा था।
-विशाल ठाकुर, उज्जैन
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
