Surya Grahan 2026 : ग्रहण का साया या खुशियों का आगमन ? जानिए 2026 के पहले सूर्य ग्रहण का आपकी राशि पर क्या होगा असर
punjabkesari.in Friday, Jan 09, 2026 - 03:48 PM (IST)
Surya Grahan 2026 zodiac predictions : खगोलीय घटनाओं में सूर्य ग्रहण को सबसे प्रभावशाली और रहस्यमयी माना जाता है। विज्ञान के लिए यह भले ही एक खगोलीय दृश्य हो, लेकिन ज्योतिष शास्त्र में इसका गहरा आध्यात्मिक और मानवीय महत्व है। साल 2026 की शुरुआत के साथ ही, ब्रह्मांड एक बड़ी हलचल का गवाह बनने जा रहा है। साल का पहला सूर्य ग्रहण न केवल आकाश में एक अद्भुत दृश्य रचेगा, बल्कि अपनी ऊर्जा से 12 राशियों के जीवन को भी प्रभावित करेगा। माना जाता है कि जब अंधकार सूर्य को ढकता है, तो उसका सीधा असर हमारी किस्मत और मानसिक स्थिति पर पड़ता है। इस बार का ग्रहण कुछ राशियों के लिए वरदान साबित होने वाला है, जिससे उनके बरसों से रुके हुए काम पूरे होंगे और धन की वर्षा होगी। वहीं, कुछ राशियों के लिए यह समय थोड़ा सतर्क रहने का है, क्योंकि सितारों की चाल उनकी खुशियों और सेहत पर 'ग्रहण' लगाने की कोशिश कर सकती है। तो आइए जानते हैं कि साल 2026 का यह पहला सूर्य ग्रहण किन जातकों की किस्मत के सितारे चमकाने वाला है और किन्हें आने वाले संकटों से सावधान रहने की जरूरत है।
इन राशियों की चमकेगी किस्मत
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण करियर में नए रास्ते खोल सकता है। मान-सम्मान में वृद्धि होगी और लंबे समय से रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। प्रेम जीवन में गर्माहट बनी रहेगी।
सिंह राशि
सूर्य सिंह राशि का स्वामी है। ग्रहण के बाद आपके आत्मविश्वास में गजब की वृद्धि होगी। पैतृक संपत्ति से लाभ होने के योग हैं। जो लोग रिलेशन में हैं, वो शादी के बंधन में बंध सकते हैं।
धनु राशि
धनु राशि के लिए विदेश यात्रा या उच्च शिक्षा के योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। जो लोग काम की तलाश में थे, उन्हें कोई अच्छी जॉब मिल सकती है।
इन राशियों को रहना होगा संभलकर
वृष राशि
वृष राशि के जातकों को अपने खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। फिजूलखर्ची के कारण बजट बिगड़ सकता है। वाणी पर संयम रखें, अन्यथा अपनों से विवाद हो सकता है।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों को स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों के साथ तालमेल बिठाने में दिक्कत आ सकती है। निवेश करने से बचें।
मकर राशि
पारिवारिक कलह की स्थिति बन सकती है। यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी दस्तावेज पर बिना पढ़े हस्ताक्षर न करें।
खुशियों पर न लगे ग्रहण, इसलिए करें ये उपाय
ग्रहण समाप्त होने के बाद अपनी सामर्थ्य अनुसार अनाज, काले तिल या वस्त्रों का दान करें।
ग्रहण काल के दौरान 'ॐ सूर्याय नम:' या महामृत्युंजय मंत्र का मानसिक जाप करें।
ग्रहण के बाद पूरे घर में गंगा जल छिड़कें और स्वयं भी स्नान करें।
खान-पान की वस्तुओं में ग्रहण लगने से पहले ही तुलसी का पत्ता डाल दें ताकि वे अशुद्ध न हों।
