पाकिस्तान में गुरुद्वारे को ढहाया जाना बेहद दुखद: भारत
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 12:53 PM (IST)
नई दिल्ली (एजैंसी): भारत ने पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे को ढहाए जाने की खबरों को बुधवार को बेहद दुखद करार देते हुए इस्लामाबाद से दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। भारत ने कहा कि वह इस बेहद निंदनीय और जानबूझकर की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है।
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को कथित तौर पर ढहाए जाने से जुड़ी खबरों पर मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए यह टिप्पणी की। मंत्रालय ने कहा, ‘हमने पाकिस्तान के फारूकाबाद में 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारे श्री गुरु सिंह सभा साहिब को ढहाए जाने की बेहद परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। हम सिखों के इस पवित्र धार्मिक स्थल के खिलाफ तोड़फोड़ की इस बेहद निंदनीय और जानबूझकर की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं।’ भारत ने पाकिस्तान सरकार से मामले की तेजी से जांच करने और इस निंदनीय कृत्य को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा देने की मांग की।
