पुरुषोत्तम मास के समापन पर अलौकिक रूप में सजे भोलेबाबा, भक्ति और श्रद्धा का दिखा अनुपम संगम

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 02:11 PM (IST)

Shri Mahakaleshwar Temple news : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज प्रातःकालीन भस्म आरती के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुरुषोत्तम मास के पूर्ण होने के अवसर पर, परंपरा के अनुसार एक दिन पूर्व चतुर्दशी तिथि पर भगवान श्री महाकालेश्वर का विशेष पूजन-अर्चन संपन्न किया गया।

प्रातःकाल मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद भव्य श्रृंगार कर बाबा महाकाल को आकर्षक स्वरूप में सजाया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भगवान को विशेष महाभोग अर्पित किया गया तथा विधि-विधान से आरती संपन्न हुई। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

मंदिर पुजारी के अनुसार पुरुषोत्तम मास के समापन पर आयोजित यह विशेष पूजा सनातन परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मान्यता है कि इस अवसर पर भगवान महाकाल की आराधना करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। भस्म आरती और विशेष अनुष्ठानों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

(विशाल ठाकुर)

 शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News