Shri Machail Mata Chhadi Yatra: किश्तवाड़ में वार्षिक मचैल माता यात्रा की पवित्र छड़ी पद्दर के लिए रवाना
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 10:32 AM (IST)
जम्मू (एजैंसी): श्री मचैल माता यात्रा की ‘पवित्र छड़ी’ हजारों श्रद्धालुओं के साथ बुधवार सुबह सरकूट स्थित गौरी शंकर मंदिर से उपमंडल पद्दर के लिए रवाना की गई।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले पवित्र छड़ी जम्मू के जैन बाजार से यात्रा शुरू होने के बाद डोडा होते हुए मंगलवार शाम किश्तवाड़ लाई गई थी। किश्तवाड़ की खूबसूरत पद्दर घाटी में 9705 फुट की ऊंचाई पर स्थित मचैल माता मंदिर की वार्षिक यात्रा 28 जुलाई को शुरू हुई थी और 8 सितम्बर को समाप्त होगी।
अधिकारियों के मुताबिक इस साल अब तक लाखों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इनमें अप्रैल में मंदिर के कपाट खुलने के बाद यात्रा की औपचारिक शुरुआत से पहले दर्शन करने वाले करीब एक लाख श्रद्धालु भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण पूरा हो जाने के बाद अब मंदिर तक पहुंचने के लिए केवल अंतिम 1.7 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी होगी। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों में बंद होने से पहले मंदिर दिसम्बर तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा।
