Shri Kashi Vishwanath Temple : शिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में भक्तों को मिलेगा VIP अहसास और खाकी का सम्मान
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 10:11 AM (IST)
Shri Kashi Vishwanath Temple : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर काशी विश्वनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस बार केवल बाबा के दर्शन ही नहीं, बल्कि पुलिस का एक बदला हुआ और बेहद सम्मानित व्यवहार भी देखने को मिलेगा। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में तैनात हर पुलिसकर्मी भक्तों के साथ अतिथि जैसा व्यवहार करेगा।
भीड़ को नियंत्रित करते समय अब पुलिसकर्मी हटिए या पीछे होइए जैसे शब्दों के बजाय श्रद्धालुओं को सर और मैडम कहकर संबोधित करेंगे। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात सुरक्षाकर्मी आने वाले हर भक्त का हाथ जोड़कर अभिवादन करेंगे, जिससे उन्हें एक सुरक्षित और आत्मीय वातावरण का अहसास हो।
मंदिर परिसर के त्र्यंबकेश्वर हॉल में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जहां पुलिसकर्मियों को संयम बरतने और विनम्रतापूर्वक भीड़ को संभालने की कला सिखाई गई। पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार की निगरानी खुद वरिष्ठ अधिकारी कंट्रोल रूम से करेंगे। किसी भी तरह की अभद्रता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
संवेदनशीलता पर जोर
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के प्रति पुलिस अतिरिक्त संवेदनशीलता दिखाएगी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को मार्ग दर्शन देने और उनकी सहायता करने के लिए पुलिसकर्मी एक 'गाइड' की भूमिका में नज़र आएंगे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
