Shri Hanuman Mandir Jakhoo: प्रियंका गांधी ने जाखू मंदिर में की पूजा-अर्चना

punjabkesari.in Friday, May 31, 2024 - 07:17 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

शिमला (राक्टा): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने वीरवार दोपहर बाद शिमला के जाखू स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। सोलन में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित रोड शो में भाग लेने के बाद उन्होंने सीधे जाखू पहुंच शीश नवाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई। करीब 15 मिनट तक वह यहां रहीं। 

वहीं प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाल प्रधानमंत्री पर पलटवार किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि बड़े-बुजुर्गों ने कहा है कि जब व्यक्ति पर मैं-मैं हावी होता है तो उसे न तो हरि मिलते हैं, न ज्ञान। आज मोदी जी से यह सुनने को मिला कि महात्मा गांधी जी पर जब तक एक अंग्रेज ने पिक्चर नहीं बनाई, तब तक कोई उन्हें जानता नहीं था, वाह। पूरी दुनिया उन्हें सिर्फ जानती ही नहीं थी, अनेक देशों में आजादी के आंदोलन भी उनसे प्रेरित हुए। प्रधानमंत्री जी को अपने देश के इतिहास और आजादी के आंदोलन के नायकों के बारे में इतनी कम जानकारी है, यह जान कर हैरानी होती है। 

अंत में उन्होंने लिखा है कि शायद उनके लिए गांधी जी भी एक पी.आर. स्टंट ही हैं। एक अन्य पोस्ट में प्रियंका ने लिखा है कि देवभूमि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता जितनी अद्भुत है, यहां की संस्कृति उतनी ही अनूठी है। सच्चाई, सादगी, सत्यनिष्ठा और सेवा हिमाचल के कण-कण में है। इसी के अनुरूप यहां की सियासत भी है। खरीद-फरोख्त करने वाली धनबल की राजनीति से हिमाचल ने सदैव दूरी बरती है और आगे भी दूरी बरतेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News