Shravan Month: नक्षत्रों के संयोग से बना श्रावण, जानिए महादेव के प्रिय मास का ज्योतिषीय रहस्य और शिव पंचाक्षर स्तोत्र की महिमा

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 07:23 AM (IST)

Shravan Month 2026: सावन मास का प्रारम्भ हो गया है। रिमझिम फुहारों के महीने सावन को हिंदू पंचांग में श्रावण मास कहा जाता है। सावन नाम भी इसी श्रावण शब्द से ही बना है, लेकिन इस महीने का नाम श्रावण क्यों रखा गया, यह कम लोग ही जानते हैं। दरअसल, यह पूरी तरह ज्योतिषीय गणना का मामला है। कालगणना के अनुसार ही अधिकतर महीनों और सप्ताह के सातों दिनों के नाम तय किए गए हैं।

PunjabKesari Shravan Month

हिंदू पंचांग का आरंभ चैत्र मास से होता है। चैत्र मास से पांचवा माह श्रावण मास होता है। ज्योतिष विज्ञान के अनुसार, इस मास की पूर्णिमा के दिन आकाश में श्रवण नक्षत्र का योग बनता है इसलिए श्रवण नक्षत्र के नाम से इस माह का नाम श्रावण हुआ। इस माह से चातुर्मास की शुरूआत होती है। यह माह चातुर्मास के चार महीनों में बहुत शुभ माना जाता है। चातुर्मास धार्मिक दृष्टि से बहुत महत्व रखता है।

चातुर्मास के चार माह - श्रावण, भाद्रपद, अश्विन और कार्तिक में संत, महात्मा से लेकर आम जन तक धर्म और अध्यात्म के रंग में रंग जाते हैं। इस दौरान हिंदू धर्म के अनेक उत्सव, पर्व और त्यौहार मनाए जाते हैं। इनकी शुरूआत श्रावण मास से ही होती है इसलिए इस मास को बेहद महत्वपूर्ण माना गया है।

सावन (श्रावण) पूरी तरह से भगवान शंकर को समर्पित है। इस महीने में की गई शिव पूजा जीवन भर की गई पूजाओं से भी श्रेष्ठ फल देती है, ऐसा धर्म ग्रंथों में लिखा है।

सावन में हर दिन भगवान शिव की विशेष पूजा करने का विधान है। इस प्रकार की गई पूजा से भगवान शिव शीघ्र ही प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं।

सावन में भगवान शिव का पूजन दीप-मालाओं तथा धूप से करना चाहिए। पूजन में चावल, फूल, धतूरा, आकड़ा, बिल्व पत्र आदि पूजन सामग्री का उपयोग करने से भी शिव प्रसन्न होते हैं। सावन में शिव मंदिर में शाम को दीपक लगाने से अगले जन्म में राजसुख की प्राप्ति होती है।

PunjabKesari Shravan Month

शिव पंचाक्षर
श्री शिव पंचाक्षर स्तोत्र में शिवजी की प्रार्थना की गई है। ॐ नम: शिवाय पर आधारित इस श्लोक संग्रह में अत्यंत मनमोहक रूप से शिवस्तुति की गई है। इस स्तोत्र के रचयिता श्री आदि शंकराचार्यजी हैं जो महान शिव भक्त थे।

PunjabKesari Shravan Month

नागेंद्रहाराय त्रिलोचनाय भस्मांगरागाय महेश्वराय।
नित्याय शुद्धाय दिगंबराय तस्मै ‘न’ काराय नम: शिवाय:।।
मंदाकिनी सलिल चंदन चॢचताय नंदीश्वर प्रमथनाथ महेश्वराय।
मंदारपुष्प बहुपुष्प सुपूजिताय तस्मै ‘म’ काराय नम: शिवाय:।।
शिवाय गौरी वदनाब्जवृंद सूर्याय दक्षाध्वरनाशकाय।
श्री नीलकंठाय वृषभध्वजाय तस्मै ‘शि’ काराय नम: शिवाय:।।
वषिष्ठ कुम्भोद्भवगौतमाय मुनींद्र देवार्चित शेखराय।
चंद्रार्कवैश्वानर लोचनाय तस्मै ‘व’ काराय नम: शिवाय:।।
यक्षस्वरूपाय जटाधराय पिनाकहस्ताय सनातनाय।
दिव्याय देवाय दिगंबराय तस्मै ‘य’ काराय नम: शिवाय:।।
पंचाक्षरमिदं पुण्यं य: पठेत् शिव सन्निधौ।
शिवलोकमवाप्नोति शिवेन सह मोदते।।
इति श्रीमच्छंकराचार्यविरचितं श्रीशिवपञ्चाक्षरस्तोत्रं सम्पूर्णम्।।

PunjabKesari Shravan Month

भावार्थ- हे महेश्वर! आप नागराज को हार स्वरूप धारण करने वाले हैं। हे (तीन नेत्रों वाले) त्रिलोचन आप भस्म से अलंकृत, नित्य (अनादि एवं अनंत) एवं शुद्ध हैं। अम्बर को वस्त्र समान धारण करने वाले दिगम्बर शिव, आपके ‘न’ अक्षर द्वारा जाने वाले स्वरूप को नमस्कार।

चंदन से अलंकृत एवं गंगा की धारा द्वारा शोभायमान नंदीश्वर एवं प्रमथनाथ के स्वामी महेश्वर आप सदा मन्दार पर्वत एवं बहुदा अन्य स्रोतों से प्राप्त्य पुष्पों द्वारा पूजित हैं।

हे ‘म’ धारी शिव, आपको नमन है। हे धर्म ध्वजधारी, नीलकंठ, ‘शि’ अक्षर द्वारा जाने वाले महाप्रभु, आपने ही दक्ष के दंभ यज्ञ का विनाश किया था।

मां गौरी के कमल मुख को सूर्य समान तेज प्रदान करने वाले शिव, आपको नमस्कार है। देवगणों एवं वशिष्ठ, अगस्त्य, गौतम आदि मुनियों द्वारा पूजित देवाधिदेव! सूर्य, चंद्रमा एवं अग्नि आपके तीन नेत्र समान हैं।

हे शिव, आपके ‘व’ अक्षर द्वारा विदित स्वरूप को नमस्कार है। हे यज्ञ स्वरूप, जटाधारी शिव आप आदि, मध्य एवं अंतरहित सनातन हैं। हे दिव्य अम्बरधारी शिव, आपके ‘य’ अक्षर द्वारा जाने जाने वाले स्वरूप को नमस्कार है।

जो कोई शिव के इस पंचाक्षर मंत्र का नित्य ध्यान करता है वह शिव के पुण्य लोक को प्राप्त करता है तथा शिव के साथ सुखपूर्वक निवास करता है। इस स्तोत्र के पांचों श्लोकों में क्रमश: ‘न’, ‘म’, ‘शि’, ‘वा’ और ‘य’ है अर्थात नम: शिवाय यह पूरा स्तोत्र शिवस्वरूप है।   

PunjabKesari Shravan Month

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News