Shiv Puri Dham: अनोखा शिव मंदिर जहां एक साथ विराजते हैं 525 शिवलिंग

punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 02:58 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Shiv Puri Dham: कोटा के शिवपुरी धाम में एक ऐसा अद्भुत मंदिर है, जहां 525 शिवलिंग एक साथ स्थापित हैं। मान्यता है कि यहां दर्शन करने और भव्य शिवलिंग का अभिषेक करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस मंदिर की पहचान उसके 525 शिवलिंगों के कारण देशभर में होती है। नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के बाद यह देश का इकलौता मंदिर है, जहां इतनी बड़ी संख्या में शिवलिंग एक साथ स्थापित हैं। यहां हर साल महाशिवरात्रि और सावन माह के दौरान लाखों की संख्या में भक्त दूर-दराज से दर्शन और अभिषेक के लिए पहुंचते हैं। चलिए जानते हैं इस मंदिर के पौराणिक इतिहास और धार्मिक महत्व के बारे में।

Shiv Puri Dham

देश में अपनी तरह का अनोखा मंदिर
जानकारी के अनुसार, केवल दो ही ऐसे स्थान हैं जहां इतनी बड़ी संख्या में शिवलिंग मौजूद हैं- एक नेपाल का प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर और दूसरा कोटा का यह शिवपुरी धाम। इन 525 छोटे शिवलिंगों को इस तरह से स्थापित किया गया है कि वे एक विशाल स्वास्तिक का रूप लेते हैं। इस भव्य संरचना के केंद्र में एक विशाल शिवलिंग भी है, जिसका वजन लगभग 14 टन है। यह अद्भुत स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।

Shiv Puri Dham

प्राचीन इतिहास और राजपरिवार का योगदान
शिवपुरी धाम का इतिहास भी काफी प्राचीन है। बताया जाता है कि यहां पहले केवल एक प्राचीन धूना (छोटा मंदिर) हुआ करता था, जिसकी आयु 700 से 800 साल पुरानी मानी जाती है। कोटा के राजपरिवार की जमीन इस धूना के आसपास थी और उन्होंने ही इस जमीन को मंदिर के विकास के लिए दान किया। इस दान के बाद ही इस भव्य मंदिर का निर्माण संभव हो पाया, जो आज लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

Shivpuri DHAM KOTA

सावन और शिवरात्रि पर विशेष महत्व
सावन के महीने में शिवपुरी धाम की रौनक देखने लायक होती है। सुबह 4 बजे से ही यहां भक्तों का तांता लगना शुरू हो जाता है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां भगवान शिव के दर्शन और अभिषेक के लिए आते हैं। इसके अलावा, हर शिवरात्रि पर यहां एक साथ 525 शिवलिंगों की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस अवसर पर लाखों की संख्या में भक्त उमड़ते हैं, जिससे मंदिर परिसर में एक अनुपम आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।

Shiv Puri Dham

मनोकामना पूर्ति का विश्वास
इस भव्य शिवलिंग का अभिषेक करने से मनोकामना पूरी होने की गहरी मान्यता है। श्रद्धालु मानते हैं कि सच्चे मन से किया गया अभिषेक भगवान शिव को प्रसन्न करता है और उनकी हर इच्छा को पूर्ण करता है। यही कारण है कि सावन और अन्य शुभ अवसरों पर यहां अभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कोटा का शिवपुरी धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और अद्वितीय स्थापत्य कला का एक जीवंत प्रतीक है।

Shiv Puri Dham


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News