Sheshavatar Temple Opening News : रामनवमी के बाद खुलेंगे शेषावतार मंदिर के द्वार, नृपेंद्र मिश्रा ने कहा भक्तों को करना होगा थोड़ा इंतज़ार

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:29 AM (IST)

Sheshavatar Temple Opening News : अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के साथ-साथ परिसर में अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों का निर्माण भी जोर-शोर से चल रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने हाल ही में मंदिर परिसर के विकास और दर्शन व्यवस्था को लेकर एक बड़ा अपडेट साझा किया है। उनके बयान के अनुसार, श्रद्धालुओं को शेषावतार मंदिर के दर्शन के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।

आम श्रद्धालु चैत्र रामनवमी अप्रैल 2026 के बाद ही शेषावतार मंदिर और सप्त मंडपम के अन्य मंदिरों के दर्शन कर पाएंगे।नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित नहीं हो जाता, तब तक श्रद्धालुओं को वहां जाने की अनुमति देना संभव नहीं है। वर्तमान में वहां रास्ता बनाने और अंतिम फिनिशिंग का काम चल रहा है। मुख्य मंदिर के चारों ओर बन रहे परकोटा में छह मंदिर और बाहर की ओर सप्त मंडपम तैयार किए जा रहे हैं। इनमें भगवान शिव, सूर्य देव और माता अन्नपूर्णा के मंदिर भी शामिल हैं। मंदिर का अधिकांश मुख्य कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम रास्ते और सुरक्षा घेरा तैयार होने के बाद ही इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।

भक्तों के लिए संदेश
प्रशासन का प्रयास है कि रामनवमी के बड़े उत्सव के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पहले सभी व्यवस्थाएं पुख्ता कर ली जाएं। रामनवमी के बाद जब भीड़ का दबाव कम होगा और निर्माण एजेंसियां अपना काम पूरा कर लेंगी, तब भक्तों को इन दिव्य विग्रहों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News