Shani rashi parivartan 2025: अब शनि बनाएंगे रंक से राजा, 29 मार्च से इन राशियों पर होगी कृपा
punjabkesari.in Saturday, Mar 29, 2025 - 07:06 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shani rashi parivartan 2025: हमारे नौ ग्रहों में एक ऐसा ग्रह है जो हमें रंक से राजा बना देता है। जो हमें फर्श से अर्श तक यानी जमीन से आसमान तक ले जाता है।बुलंदी तक ले जाता है और उस ग्रह का नाम है शनि ग्रह। वही शनि ग्रह जिसे न्याय का देवता कहा जाता है। कर्म का कारक माना जाता है। ज्योतिष में इन्हें न्यायाधीश कहा जाता है। ज्योतिष में सबसे ज्यादा महत्व भी शनि के राशि परिवर्तन का ही माना जाता है। शनि देव ही एकमात्र ऐसे ग्रह हैं, जो एक राशि में लंबे समय तक यानी ढाई साल तक रहते हैं। अब 29 मार्च 2025 से शनि देव राशि बदल रहे हैं और अपना पाया भी बदल रहे हैं। अढ़ाई साल तक कुंभ राशि में रहने के बाद 29 मार्च को शनि देव मीन राशि में आ रहे हैं और यहां अढ़ाई साल ही रहेंगे।
अब 2025 में शनि देव का पूरा जलवा देखने को मिलेगा। शनि राशि परिवर्तन भी करेंगे नक्षत्र परिवर्तन भी करेंगे और उल्टी चाल भी चलेंगे। 13 जुलाई से 28 नवंबर 138 दिन तक शनि वक्री रहेंगे यानी उल्टी चाल में रहेंगे। शनि का राशि बदलना, पाया बदलना और उल्टी चाल चलना 2025 की सबसे बड़ी ज्योतिषीय घटना रहने वाली है। कुछ राशियां रंक से राजा बनने वाली हैं। शनि देव को आप कैसे प्रसन्न रख सकते हैं, आइए जानते हैं-
शनि देव ज्योतिष में न्याय के देवता माने जाते हैं, जो व्यक्ति के कर्मों का प्रतिफल देते हैं। शनि की स्थिति से जीवन में अनुशासन, धैर्य और परिश्रम का महत्व बढ़ता है। ये व्यक्ति को उसकी मेहनत का उचित परिणाम देते हैं सकारात्मक कर्मों पर वरदान और नकारात्मक कर्मों पर दंड। शनि का प्रभाव धीमा भले हो लेकिन निश्चित होता है।
शनि कर्म फल दाता हैं इसलिए जो शनि की कसौटी पर खरा उतरता है वह व्यक्ति शिखर तक पहुंचता है। जो रखता है संयम, धैर्य और न्याय का ध्यान, शनि देव बनाते हैं उसके जीवन को महान।
अब शनि राशि परिवर्तन करके और अपना पाया बदलकर किन राशियों पर मेहरबान रहने वाले हैं और कौन सी राशियां फर्श से अर्श तक जाने वाली है यानी किन राशियों का डंका बजेगा, कौन सी राशियां रंक से राजा बनाएंगी, उनका जिक्र करते हैं-
पहली भाग्यशाली राशि वृषभ राशि है, जो शुक्र की राशि है यानी शनि के मित्र की राशि है। 29 मार्च को शनि का राशि परिवर्तन और पाया बदलना वृषभ राशि वालों के लिए खुशियों के दरवाजे खोलने वाला है। शनि राशि बदलकर वृषभ राशि वालों के लिए सोने के पाए में भी आ जाएंगे यानी वृषभ राशि वालों की सारी उंगलियां घी में रहने वाली हैं। यह समय आपके लिए धन प्राप्ति के नए स्रोत खोल सकता है। बिज़नेस में विस्तार होगा और पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना है। कोई बड़ी डील भी बिजनेस में फाइनल हो सकती है या लॉटरी से धन लाभ हो सकता है। पैतृक संपत्ति का लाभ मिलने के योग बनते भी दिखाई दे रहे हैं।
दूसरी भाग्यशाली राशि कन्या राशि है। शनि देव कन्या राशि वालों के आर्थिक समृद्धि के दरवाजे खोलेंगे क्योंकि यह उनके मित्र बुध की राशि है। कन्या राशि वालों के लिए शनि तांबे के पाया में भी रहेंगे। पुरानी इन्वेस्टमेंट से लाभ हो सकता है और नई प्रॉपर्टी खरीदने में आप कामयाब रहेंगे। पुरानी प्रॉपर्टी अगर आप सेल करना चाहते हैं तो उसकी अच्छी खासी कीमत आपको मिलेगी। शेयर मार्केट से भी आपको अच्छा खासा लाभ शनिदेव देंगे। राज दरबार में भी आपका सितारा बुलंद रहेगा। सोशल स्टेटस बढ़ेगा।
तीसरी भाग्यशाली राशि तुला राशि है और यह शनि की उच्च राशि है। तुला राशि वालों के लिए शनि राशि परिवर्तन के साथ ही सोने के पाए में भी आ जाएंगे और 922 दिन सोने के पाया में रहेंगे। शनि की कृपा से अब तुला राशि का डंका बजेगा। मेहनत का पूरा फल मिलेगा। कई क्षेत्रों में जबरदस्त कामयाबी मिलेगी और भाग्य के दरवाजे खुलते चले जाएंगे। इनकम के नए साधन बनेंगे और प्रमोशन के योग बनेंगे। तुला राशि वाले अगर पॉलिटिक्स में हैं तो कोई बड़ा ओहदा मिलेगा।
चौथी भाग्यशाली राशि वृश्चिक राशि है। शनि की ढैया से मुक्त होने के साथ-साथ अब वृश्चिक राशि वालों पर शनि की कृपा बरसेगी क्योंकि वृश्चिक राशि वालों के लिए शनि चांदी के पाया में भी 922 दिन रहेंगे। वृश्चिक राशि वालों का सितारा बुलंद रहेगा। करियर में प्रमोशन और सफलता के योग बनेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और नई प्रॉपर्टी खरीदने के योग भी बनेंगे।
पांचवी भाग्यशाली राशि कुंभ राशि है, जिस पर शनि की ढैया का अंतिम चरण भी शुरू हो जाएगा और शनि चांदी के पाया में आ जाएंगे यानी कुंभ राशि वालों की चांदी ही चांदी होगी। जबरदस्त आर्थिक लाभ होगा। प्रशासन और समाज में प्रभाव बढ़ेगा। कोर्ट कचहरी के मामले में जबरदस्त सफलता मिलेगी और पैसा बरसेगा।
यह थी 5 भाग्यशाली राशियां, जिन्हें शनि का गोचर और शनि का पाया रंक से राजा बना सकता है। अब शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए उपाय जानें-
शनिवार के दिन काले तिल, सरसों का तेल, काले वस्त्र और लोहे की वस्तुओं का दान करना शनिदेव को बहुत प्रिय है और इन वस्तुओं का दान किसी जरूरतमंद या गरीब व्यक्ति को शनिवार के दिन करें।
शनि मंत्रों का जाप करें।
नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करना शनि देव को प्रसन्न करता है।
शनि देव भगवान शिव के बड़े भक्त माने जाते हैं इसलिए भगवान शिव की आराधना करना भी शनि देव की कृपा पाने का एक प्रभावी उपाय है।
गुरमीत बेदी
9418033344