Ram Navami: राम नवमी पर इस विधि से करें घर में श्रीराम की पूजा
punjabkesari.in Saturday, Apr 05, 2025 - 06:43 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Ram Navami 2025: राम नवमी हिंदू धर्म का एक अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार है, जो चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। यह दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। रामायण में भगवान राम के जीवन के आदर्शों को बड़े श्रद्धा के साथ बताया गया है। उनके जीवन से जुड़े प्रत्येक अध्याय में हमें कर्तव्य, धर्म और सत्य के पालन की शिक्षा मिलती है।
त्रेता युग में अयोध्या के राजा दशरथ और माता कौशल्या के घर भगवान हरि विष्णु ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के रुप में जन्म लिया था। तभी से ये दिन राम नवमी के रूप में मनाया जाने लगा। भारत के बहुत सारे स्थानों विशेषकर उत्तर भारत में इस पर्व की धूम रहती है। भगवान का ये अवतार राक्षसों का नाश करने के लिए हुआ था, विशेषकर रावण का। राम नवमी के दिन श्रीराम की पूजा करने का फल अन्य दिनों से अधिक मिलता है। बहुत सारे वैष्णव इस दिन व्रत भी रखते हैं और प्रभु श्रीराम का गुणगान भी करते हैं। मान्यता है की जो व्यक्ति राम नवमी के दिन ब्राह्मणों को भोजन करवाकर दक्षिणा देता है, उसके घर में धन-समृद्धि की कभी कोई कमी नहीं रहती। उत्तर भारत के बहुत सारे भागों में राम नवमी पर कन्या पूजन भी किया जाता है।
घर में श्रीराम की पूजा: घर में स्थापित श्रीराम की मूर्ति या चित्र की विधिपूर्वक पूजा करने से घर में शांति और समृद्धि का वास होता है। विशेष रूप से यदि घर में किसी प्रकार की मानसिक या आर्थिक समस्या हो, तो राम नवमी के दिन पूजा और व्रत करने से इसका समाधान मिलता है।
घर में श्रीराम की पूजा विधि: पूजा के लिए सबसे पहले एक लकड़ी की चौकी लें।
उस पर लाल रंग का एक कपड़ा बिछाएं।
इसके बाद राम परिवार जिसमें भगवान राम, लक्ष्मण जी, माता सीता और हनुमान जी हो ऐसी मूर्ति गंगा जल से शुद्ध करके स्थापित करें।
इसके बाद सभी को चंदन या रोली से तिलक करें।
फिर उन्हें अक्षत, फूल आदि पूजन सामग्री चढ़ाएं।
इसके बाद घी का दीपक जलाकर राम रक्षा स्त्रोत, श्रीराम चालीसा और रामायण की चौपाइयों का पाठ करें।
आप चाहें तो इस दिन सुंदर कांड के पाठ या हनुमान चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं।
इसके अलावा भगवान राम की कृपा पाने के लिए इस दिन व्यक्ति को रामायण का पाठ और राम रक्षा स्तोत्र का पाठ भी करना चाहिए। ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन में सुख समृद्धि बनी रहती है।
राम नवमी पर भगवान राम के स्वरुप अथवा चित्रपट पर पीले रंग के वस्त्र अर्पित करें। साथ ही पीले रंग के फूलों से बनी माला भी अर्पित कर उनकी स्तुति करें।
राम नवमी का मंत्र जप: "ॐ राम रामेति रामेण रामेण महात्मनं। रामाय रामभद्राय रामचन्द्राय वेधसे॥" इस मंत्र का जप करने से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।