Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में हुई राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा
punjabkesari.in Friday, Jun 06, 2025 - 07:09 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
अयोध्या (प.स.): गंगा दशहरा पर अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान राम के शाही स्वरूप ‘राजा राम’ सहित 8 देव विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा विधिपूर्वक सम्पन्न हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में भाग लेकर प्रथम तल पर स्थित श्रीराम दरबार का दर्शन और पूजन किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, यह अनुष्ठान ‘अभिजीत मुहूर्त’ में पूर्वाह्न 11.25 से 11.40 बजे के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ।
इस दौरान राम दरबार के अतिरिक्त मंदिर परिसर के भीतर शेषावतार, शिव, गणेश, हनुमान, सूर्य देव, देवी भगवती और अन्नपूर्णा सहित 8 अन्य मंदिरों में भी विग्रहों की प्रतिष्ठा की गई। इससे पूर्व, 22 जनवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। गुरुवार को आयोजित यह कार्यक्रम मंदिर परिसर में दूसरा प्रमुख प्रतिष्ठा समारोह था।
वैदिक परंपराओं का किया गया पालन
पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवग्रह वाटिका में पौधारोपण किया और लोगों से एक पेड़ मां के नाम लगाने को कहा। ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन देशभर से आए विद्वानों, संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में वैदिक परंपराओं के अनुरूप सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी।