Ram Mandir: श्री रामलला के दर्शनों के लिए हिमाचल का पहला जत्था अयोध्या रवाना
punjabkesari.in Tuesday, Feb 06, 2024 - 07:20 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
अम्ब (अश्विनी): हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत विभिन्न गांवों के सैंकड़ों श्रीराम भक्तों का पहला जत्था रेलमार्ग से अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शनों के लिए रवाना हुआ। सोमवार सुबह अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अयोध्या कैंट के लिए चलाई गई आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे स्टेशन पर वातावरण राममय हो गया। स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में डी.आर.एम. (अम्बाला डिवीजन) मंदीप सिंह भाटिया ने केन्द्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल को सम्मानित किया।
इस मौके पर जिला ऊना भाजपा अध्यक्ष बलवीर सिंह चौधरी, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सहप्रभारी सुमित शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री शाम मिन्हास सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि रेलवे द्वारा चलाई गई उक्त ट्रेन 7 फरवरी को वापस आएगी।