2022 में राहु का राशि परिवर्तन, मचाएगा धमाल

punjabkesari.in Monday, Jan 03, 2022 - 08:36 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Rahu transit 2022: ज्योतिष शास्त्र में राहु व केतु को क्रूर व पाप ग्रह माना गया है। इन्हें छाया ग्रह भी कहा जाता है क्योंकि यह सौरमंडल में दिखाई नहीं देते यानी सौरमंडल में इनका वजूद नहीं है।  हमारे जो 9 ग्रह हैं, उनमें सूर्य व चंद्रमा तो साक्षात नजर आते हैं। 5 ग्रहों- बुध, शुक्र , शनि, गुरु व मंगल को भी टेलिस्कोप से देखा जा सकता है लेकिन राहु और केतु 2 शैडो ग्रह हैं जो दिखाई नहीं देते लेकिन हमारे जीवन को प्रभावित करते हैं। कालसर्प दोष भी यही दोनों ग्रह मिलकर बनाते हैं।

PunjabKesari Rahu transit
राहु भले ही एक क्रूर व पाप ग्रह हैं लेकिन यदि राहु कुंडली में मजबूत स्थिति में होता है तो अच्छे परिणाम देता है। रंक से राजा बना देता है लेकिन जब राहु खराब स्थिति में होता है तो राजा से रंक भी बना देता है यानी कपड़े उतरवा लेता है ।

ज्योतिष में राहु ग्रह को किसी भी राशि का स्वामित्व प्राप्त नहीं है लेकिन मिथुन राशि में यह उच्च होता है और धनु राशि में यह नीच भाव में होता है।  27 नक्षत्रों में राहु आद्रा, स्वाति और शतभिषा नक्षत्रों का स्वामी है।

वर्ष 2021 में राहु का कोई राशि परिवर्तन नहीं था लेकिन वर्ष 2022 में राहु व केतु का राशि परिवर्तन एक महत्वपूर्ण ज्योतिषीय साबित होगा। राहु को शनि के बाद दूसरा धीमे गोचर करने वाला ग्रह माना जाता है। राहु के प्रभावों की तुलना शनि के प्रभावों से की जाती है। इस ग्रह को एक राशि से दूसरी राशि में गोचर करने में करीब 1.5 वर्ष का समय लगता है। 12 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 36 मिनट पर राहु वृषभ राशि से मेष राशि में गोचर करेंगे ।

इस गोचर का कुछ राशि वालों पर शुभ प्रभाव पड़ेगा तो कुछ पर अशुभ। वर्ष 2022 में राहु के राशि परिवर्तन से 4 राशियों की किस्मत चमकेगी, जबकि 5 राशियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। इन पांचों राशि वालों को सावधान रहना होगा। सबसे पहले उन राशियों की बात करेंगे जिनके लिए राहु का गोचर अच्छे परिणाम देने वाला होगा।

इनमें पहली राशि है वृषभ राशि 

वृषभ राशि वालों के लिए राहु का गोचर अच्छा रहेगा। इस अवधि में आप कुछ नया करने की सोचेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में आपार सफलता मिलने के आसार रहेंगे। विदेश में नौकरी कर रहे जातकों को अच्छा लाभ प्राप्त होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आपको अपना सपना पूरा करने के लिए कई मौके मिल सकते हैं। व्यापारियों के लिए भी ये गोचर शुभ साबित होगा।

दूसरी राशि जिसके लिए राहु का गोचर बढ़िया रहने वाला है वह है- मिथुन राशि

राशि वालों को अचानक से लाभ प्राप्त होने के आसार रहेंगे। जो जातक नौकरीपेशा हैं उनके वेतन में वृद्धि हो सकती है। आमदनी अच्छी करने के इस साल कई मौके प्राप्त होंगे। जो जातक व्यापार कर रहे हैं, उनके लिए ये गोचर खासतौर से लाभप्रद साबित होगा। कमाई के स्रोतों में वृद्धि होगी। इस गोचर के दौरान अच्छा आर्थिक लाभ प्राप्त करने के आसार रहेंगे। निवेश के लिए भी अच्छा समय है।

तीसरी राशि जिसके लिए राहु का गोचर शानदार नतीजे देगा, वह है - कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए भी ये गोचर शुभ दिखाई दे रहा है। नए दोस्त बनेंगे। जिनसे लाभ मिलने के भी आसार रहेंगे। निवेश से अच्छा लाभ प्राप्त होने की उम्मीद है। अपनी रुचि के काम करने से आपको फायदा मिलेगा। नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो ये अवधि आपके लिए अनुकूल रहने वाली है। इस दौरान आपको अपनी योग्यता दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। समाज में आपकी अलग पहचान बनेगी।

चौथी भाग्यशाली राशि तुला राशि है
तुला राशि वालों के लिए भी ये गोचर शुभ साबित होगा। इस अवधि में आप अनधिकृत स्रोतों से किसी प्रकार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। व्यवसाय को आगे बढ़ाने की दिशा में बेहतर योजना बना सकेंगे। यात्रा से धन लाभ होने की उम्मीद रहेगी। आय में बढ़ोतरी और पद में पदोन्नति की संभावना है।

 अब उन पांच राशियों की बात करते हैं, जिनके लिए राहु का गोचर ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता । जिन्हें थोड़ा सतर्क रहना होगा।

PunjabKesari Rahu transit

इनमें पहली राशि है- मेष राशि। राहु का गोचर इसी मेष राशि में शुरू होगा इसलिए मेष राशि वालों को हर काम विशेष सावधानी से करने की जरूरत है। मेष राशि के स्वामी मंगल हैं, जिनके साथ राहु का 36 का आंकड़ा है।  धन संबंधी मामलों में आपको जल्दबाजी से बचना होगा।

सिंह राशि वालों को कुछ मामलों में सावधानी बरतनी होगी। माता-पिता की सेहत का ध्यान रखें। मान-सम्मान में कमी आ सकती है। जीवन में कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। मानसिक तनाव हो सकता है। फैसले लेने में दिक्कत आएगी। पार्टनर से अनबन हो सकती है।

कन्या राशि वालों के लिए भी राहु का राशि परिवर्तन शुभ नहीं रहेगा। राहु आपके जीवन में तनाव और कलह की स्थिति पैदा कर सकता है। इस दौरान बेवजह खर्च से बचें। सेहत का ध्यान रखें और कर्ज लेने की स्थिति से बचें। इस दौरान आपके कार्य स्थल में भी परिवर्तन हो सकता है।

चौथी राशि है मकर राशि।  राहु आपको मिलेजुले परिणाम दे सकता है। इस दौरान आप सेहत का ध्यान रखें। वाणी पर काबू रखें और वाद-विवाद की स्थिति से बचें।

पांचवीं राशि कुंभ राशि है। राहु आपको मानसिक तनाव दे सकते है। शिक्षा और करियर संबंधी मामलों में संघर्ष और मानसिक तनाव की स्थिति बन सकती है लेकिन राहु के प्रभाव से अचानक धन लाभ भी हो सकता है।

3 राशियों के लिए राहु का राशि परिवर्तन सामान्य रहेगा और यह 3 राशियां हैं-  वृश्चिक राशि, धनु राशि व मीन राशि।

गुरमीत बेदी
gurmitbedi@gmail.com

PunjabKesari Rahu transit


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News