President and Governor Visit Prem Mandir : राष्ट्रपति और राज्यपाल ने किए प्रेम मंदिर के दर्शन
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 09:43 AM (IST)
मथुरा (डॉ. कमलकान्त उपमन्यु): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रेम मंदिर के दर्शन किए। राष्ट्रपति ने भोग घर प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश किया। उनका स्वागत अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव तथा डॉ. सुपर्णा राव ने किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आयोजित लेजर शो का अवलोकन किया। राष्ट्रपति ने मंदिर के गर्भ गृह के समक्ष श्री राधा-कृष्ण के युगल विग्रह दर्शन किए एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। दर्शन के समय सभा मंडप में संकीर्तन मंडली के 51 आश्रमवासियों द्वारा संकीर्तन एवं आरती की गई।
राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव एवं डॉ. सुपर्णा राव ने श्री राधा-कृष्ण का स्मृति चिन्ह भेंट किया। दोनों ने प्रसाद ग्रहण किया तथा गर्भ गृह के बाहर परिक्रमा लगाई। बाद में दोनों ने मंदिर के प्रथम तल में श्री महाराज जी के विग्रह एवं श्री सीता-राम युगल विग्रह के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना किया। उन्होंने प्रथम तल के गर्भ गृह की परिक्रमा भी लगाई। परिक्रमा के बाद अजय बाबा, दीपक भरेजा, सी. गुरुराज राव एवं डॉ. सुपर्णा राव ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को श्री महाराज जी का साहित्य भेंट किया।
इस अवसर पर मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री/ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, वृन्दावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार आदि मौजूद रहे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
