Astrology: जानें, आपकी राशि स्वास्थ्य और खानपान पर कैसा प्रभाव डालती है
punjabkesari.in Friday, Oct 29, 2021 - 08:44 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
What Does Your Star Sign Say About Your Health: क्या आप जानते हैं आपकी राशि का आपके स्वास्थ्य और खानपान पर अच्छा या बुरा प्रभाव निश्चित रूप से पड़ता है। भिन्न-भिन्न राशियों पर इस प्रभाव के बारे में बता रहे हैं :
मेष : मेष राशि व्यक्ति के सिर, मस्तिष्क, खोपड़ी, बाहरी कान, नाक और चेहरे की त्वचा पर अधिकार करती है। इसलिए मेष राशि वाले स्त्री पुरुष प्राय: सिरदर्द से परेशान रहते हैं। उनके क्रोधित होने पर उनका रक्तचाप बढ़ जाता है और सिर में दर्द होने लगता है। उनका तनाव सिर से आरंभ होकर सिर में ही खत्म हो जाता है। उन्हें माइग्रेन भी परेशान कर सकता है। मेष राशि वालों को प्रतिवर्ष अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहना चाहिए। यह उनके लिए अत्यंत आवश्यक है।
वृषभ : इस राशि वाले खानपान के बहुत शौकीन होते हैं। यह शौक उनकी समस्या का कारण भी बन जाता है। खाने-पीने की अधिकता से उनकी तोंद निकल आती है, मोटापा या वजन भी बढ़ जाता है। गले की समस्या उन्हें तंग करती है। आवाज में भारीपन आ जाता है। सर्दी उन्हें जकड़े रहती है। इस राशि के स्त्री-पुरुष खानपान में बिल्कुल परहेज नहीं करते। हमेशा उनका मुंह चलता ही रहता है।
मिथुन : इस राशि वालों की नाड़ी तंत्र उनके नियंत्रण में रहता है इसलिए वे कम समय में अधिक से अधिक कार्य जल्दी कर डालना चाहते हैं। परिणामत: वे अपने नाड़ी तंत्र पर अधिक दबाव डालते हैं। हाथ, बांहें, कंधे और फेफड़े की समस्या से परेशान रहते हैं। यदि घायल हो जाए या चोट लग जाए तो जल्दी ही ठीक हो जाती है। उनका स्वास्थ्य डगमगाता नहीं। यदि नियमित रूप से प्रतिदिन एक घंटे तक योगाभ्यास करें अथवा ध्यान करें तो अपनी समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं तथा स्वास्थ्य में भी लाभ पहुंचता है।
कर्क: इस राशि वालों की बदहजमी, पेट आदि की समस्याएं तंग करती हैं। कर्क राशि का अधिकार उनके गाल, आंखों, चेहरे, गर्भाशय और पेट पर होता है। शारीरिक रूप से वे कई भावनात्मक समस्याओं से परेशान रहते हैं। उन्हें अपनी भावनाओं पर नियंत्रण अवश्य रखना चाहिए।
सिंह : इस राशि का अधिकार व्यक्ति के हृदय तथा रक्त संचालन पर होता है। सिंह एक निर्धारित प्रतीक है। सिंह राशि वाले निश्चित राय, कल्पना तथा मार्ग वाले होते हैं, जिनका स्वामित्व वे स्वयं करते हैं। इनके लिए निराशा घातक सिद्ध हो सकती है। ये लोग अधिकतर दिल की समस्याओं से पीड़ित होते हैं। उन्हें ताजा हवा, भ्रमण तथा जागिंग नियमित रूप से करनी चाहिए।
कन्या : इस राशि वाले स्वास्थ्य के प्रति बहुत जागरूक तथा सतर्क रहते हैं। विषाणुओं के फैलने का डर उन्हें हमेशा सताता रहता है। इसलिए वे कई बार हाथ धोते रहते हैं। इनके लिए शाकाहारी भोजन लाभदायक होता है। कन्या राशि का अधिकार स्त्री पुरुष के यकृत और पाचन रस की थैली पर होता है। कई लोग बदहजमी की समस्या से भी परेशान रहते हैं।
तुला : इस राशि वाले सौंदर्य एवं बुद्धि के धनी होते हैं। उनकी प्रतिभा का कारण उनका आंतरिक सौंदर्य होता है। उनकी शारीरिक त्वचा अच्छी होती है, किन्तु कील-मुहांसों से परेशान रहते हैं। गुर्दे की समस्या, मूर्च्छा, थकान से कई लोग पीड़ित रहते हैं। ताजे फल, ताजी हरी सब्जियां, कच्चे अनाज का सेवन उनके लिए लाभदायक होता है।
वृश्चिक : इस राशि वाले बड़ी आंत की समस्या से परेशान रहते हैं। कब्ज से भी पीड़ित रहते हैं। इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए उन्हें रेशे वाले यानी फाइबर खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन करना चाहिए। इनमें संतान उत्पत्ति की अधिकता बनी रहती है। वे अति सैक्सी होते हैं। फलस्वरूप उनमें एड्स, एच.आई. वी. पाजिटिव आदि का खतरा हमेशा बना रहता है।
धनु : इस राशि वालों का स्वामी बृहस्पति है। इसलिए किसी भी बीमारी या पीड़ा से ग्रस्त होने पर भी वे जल्दी ठीक हो जाते हैं। राशि का प्रभाव कूल्हे वाले भाग पर अधिक पड़ता है। जांघ, कूल्हे या पेल्विस के घायल होने का खतरा उनमें बराबर बना रहता है।
मकर : इस राशि वाले स्वास्थ्य की परेशानियों से घिरे रहते हैं। पित्ताशय की सूजन, घुटने आदि से वे प्राय: ग्रस्त रहते हैं। उन्हें अपने स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए तैरना, घुड़सवारी एवं नियमित प्राणायाम करना चाहिए परंतु उनके लिए टहलना या पैदल भ्रमण करना हानिकारक हो सकता है।
कुंभ : इस राशि वाले स्टार्च वाले खानपान अधिक पसंद करते हैं। उचित मात्रा में ऐसे खान पान उनके स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाते हैं किन्तु इस राशि के स्त्री पुरुष खाने-पीने की चीजों पर भुक्खड़ की तरह टूट पड़ते हैं, जो उनके लिए एक या अनेक समस्याएं पैदा कर देती है। ये लोग खाने-पाने के बाद आधा घंटे से लेकर एक घंटे के बीच सो जाते हैं क्योंकि उनके खान-पान में स्टार्च की मात्रा अधिक होती है। उनके लिए सलाद और ताजा फलों का नियमित सेवन लाभदायक है।
मीन : इस राशि के लोग भोजन प्रेमी होते हैं, लेकिन इनका पाचनतंत्र इन्हें अधिक भोजन की इजाजत नहीं देता। इस राशि की महिलाओं को ऊंची एड़ी की चप्पल नहीं पहननी चाहिए। इस राशि के लोगों को भारी जलपान करना चाहिए जिसमें शहद और दूध जरूर हो। इन्हें केला या संतरा खाने की सलाह दी जाती है। दिन का भोजन छोड़कर इन्हें फलों का जूस पीना चाहिए। प्रात: भ्रमण अथवा सायं भ्रमण नियमित रूप से करना उनके स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।