योगी की तस्वीर के साथ नेपाल में फिर उठी हिंदू राष्ट्र की मांग
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 11:49 AM (IST)
काठमांडू (यशोदा श्रीवास्तव) : नेपाल में सत्ता परिवर्तन के बाद एक बड़ा मुद्दा रह-रहकर उभर ही जाता है। वह है हिंदू राष्ट्र का! इस दशहरे में मूर्ति विसर्जन के दिन भारत सीमा से सटे नेपाल के कृष्णा नगर में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ एक बार फिर हिंदू राष्ट्र की मांग उठी। योगी की तस्वीर के साथ स्थानीय नेपाली कांग्रेस सांसद अभिषेक प्रताप शाह की भी तस्वीर थी। अभिषेक शाह योगी के कट्टर समर्थक और हिन्दू राष्ट्र के हिमायती भी हैं।
हिंदू राष्ट्र को लेकर नेपाली कांग्रेस का भी मौन समर्थन रहता है। पूर्व पीएम और इसी पार्टी के सभापति रहे शेर बहादुर देउबा तो खुल्ला हिंदू राष्ट्र के समर्थन में खड़े थे। पिछले महीने पूर्वी नेपाल के सुनसरी में कांवड़ यात्रा को लेकर भड़की हिंसा में हिंदू राष्ट्र की मांग तेज हुई थी। जहां तक नेपाल में हिंदू राष्ट्र की पुनर्बहाली की बात है तो वहां की मौजूदा हुकूमत इस पर विचार करना भी चाहे तो उसे वैधानिक मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। जेन जी आंदोलन के बीच और उसके थोड़ा पहले पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र की गतिविधियां काफी तेज थीं।
उस वक्त उनके पक्ष में उमड़ रहे जन सैलाब को हिंदू राष्ट्र के समर्थन की दृष्टि से देखा जा रहा था। नेपाल के अधिकांश मुस्लिम भी हिन्दू राष्ट्र के विरोध में नहीं हैं। भैरहवा नगर पालिका के मेयर इश्तियाक अहमद साफ कहते हैं कि राजशाही जमाने में नेपाल हिंदू राष्ट्र ही था, तब यहां के मुसलमानों को कहां एतराज था? तब कोई दंगा फसाद भी नहीं था। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र से ही यदि नेपाल में अमन चैन रहे तो नेपाल सरकार को हिंदू राष्ट्र बहाल कर देना चाहिए। वहीं राप्रपा के सांसद लाल मोहम्मद भाट कहते हैं कि नेपाल के सारे देव स्थलों का तार भारत के देव स्थलों से जुड़ा हुआ है, ऐसे में नेपाल को हिंदू राष्ट्र रहना ही चाहिए।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
