अक्टूबर का महा-गोचर: 5 बड़े ग्रहों का दुर्लभ फेरबदल, जानें वैश्विक उथल-पुथल और सभी 12 लग्नों का सटीक भविष्यफल
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 08:32 AM (IST)
October Prediction 2026: अक्तूबर का महीना ग्रहों की चाल के लिहाज से बहुत अहम रहने वाला है। 3 अक्तूबर को तुला राशि में शुक्र का वक्री होना अंतरराष्ट्रीय संबंधों, व्यापारिक साझेदारियों, वित्तीय समझौतों और कूटनीतिक समीकरणों को दोबारा चर्चा में ला सकता है। 9 अक्तूबर को शनि का दोबारा उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में प्रवेश संस्थाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थाओं में अस्थायी समाधान के बजाय सुधार और पुनर्गठन की आवश्यकता को सामने ला सकता है। 18 अक्तूबर को सूर्य के तुला राशि में प्रवेश सत्ता और अधिकार के साथ सहयोग एवं संतुलन स्थापित करने पर जोर बढ़ सकता है। जबकि 24 अक्तूबर को तुला राशि में बुध का वक्री होना कम्युनिकेशन, कॉन्ट्रैक्ट, टेक्नोलॉजी, यात्रा और अंतरराष्ट्रीय समझौतों से जुड़े मामलों में संशोधन, देरी अथवा दोबारा बातचीत जैसी परिस्थितियों का संकेत दे सकता है। 31 अक्तूबर को गुरु का सिंह राशि में प्रवेश और केतु के साथ उसकी युति से सरकार, संस्थाएं और प्रभावशाली संगठन इस बात पर दोबारा विचार कर सकते हैं कि वे किस प्रकार का नेतृत्व और कैसी विरासत स्थापित करना चाहते हैं। शुक्र का वक्री होना हमें यह दोबारा सोचने के लिए प्रेरित करेगा कि हमारे लिए वास्तव में क्या महत्वपूर्ण है। इस गोचर का सभी 12 लग्नों के जातकों पर प्रभाव इस प्रकार रहेगा-
मेष
मेष लग्न के जातकों का अक्टूबर में फोकस पार्टनरशिप, विवाह, कॉन्ट्रैक्ट और प्रोफेशनल सहयोग पर रहेगा। शुक्र के वक्री होने से आप रिश्तों से जुड़ी अपनी अपेक्षाओं पर दोबारा विचार कर सकते हैं, जबकि बुध का वक्री होना आपको समझौतों और कम्युनिकेशन में विशेष सावधानी बरतने के लिए कहेगा। गुरु के सिंह राशि में प्रवेश के बाद आपका ध्यान रचनात्मकता, संतान, शिक्षा और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने की तरफ बढ़ सकता है। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें।
वृषभ
वृषभ लग्न के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना काम, स्वास्थ्य की दिनचर्या, वित्त और पारिवारिक मामलों की समीक्षा का समय है। शुक्र के वक्री होने से कार्यस्थल के रिश्तों और वित्तीय प्रतिबद्धताओं पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। इस दौरान काम से जुड़े कम्युनिकेशन में संशोधन हो सकता है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल का गोचर कम्युनिकेशन और पारिवारिक मामलों को लेकर संवेदनशीलता बढ़ा सकता है और आपका फोकस घर, प्रॉपर्टी, भावनात्मक सुरक्षा और परिवार की तरफ बढ़ेगा।
मिथुन
मिथुन लग्न के जातकों को शुक्र वक्री होने के कारण पुराने प्रेम संबंध या रचनात्मक मामलों पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। बुध के वक्री होने से प्रियजनों के साथ कम्युनिकेशन थोड़ा जटिल हो सकता है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल का गोचर धन अथवा परिवार से जुड़ी चर्चाओं को तेज कर सकता है। गुरु का सिंह राशि में प्रवेश शिक्षा, कम्युनिकेशन, यात्रा और नेटवर्किंग के लिए नए अवसर लाने के साथ-साथ अपनी मान्यताओं के प्रति अधिक विचारशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित कर सकता है।
कर्क
कर्क लग्न के जातक शुक्र के वक्री होने से घरेलू सुख-सुविधाओं और वित्तीय प्राथमिकताओं पर दोबारा विचार कर सकते हैं। बुध के वक्री होने के कारण परिवार में किसी विषय पर बार-बार बातचीत हो सकती है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल का गोचर भावनाओं की तीव्रता बढ़ा सकता है और आपकी प्रतिक्रियाएं सामान्य से अधिक मजबूत हो सकती हैं। गुरु आपकी राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे आपका ध्यान धन, पारिवारिक मूल्यों और संसाधनों की तरफ बढ़ेगा।
सिंह
सिंह लग्न के जातकों को शुक्र वक्री होने के कारण करीबी रिश्तों की समीक्षा करनी पड़ सकती है। बुध वक्री होने से अधूरी अथवा पुरानी बातचीत दोबारा शुरू हो सकती है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल खर्च और भावनात्मक बेचैनी बढ़ा सकता है। गुरु और केतु की युति आपको यह सोचने के लिए प्रेरित कर सकती है कि आपके लिए पहचान, प्रतिष्ठा और सफलता का वास्तविक अर्थ क्या है। महीने के अंत में आंतरिक स्पष्टता और जीवन के उद्देश्य पर विशेष फोकस रहेगा।
कन्या
कन्या लग्न के जातकों को शुक्र वक्री होने से वित्तीय प्राथमिकताओं पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। बुध वक्री होने के कारण महत्वपूर्ण वित्तीय अथवा पारिवारिक फैसलों में देरी या संशोधन संभव है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल खर्च और भावनात्मक संवेदनशीलता बढ़ा सकता है। गुरु के सिंह राशि में प्रवेश के बाद आपका ध्यान अंदर की तरफ जा सकता है। यह आध्यात्मिक चिंतन, आराम और जीवन के अगले चरण की तैयारी का समय हो सकता है। अनावश्यक वित्तीय प्रतिबद्धताओं से बचें।
तुला
अक्टूबर तुला लग्न वालों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह महीना हर किसी को खुश करने के बजाय यह समझने का है कि वास्तव में आपके लिए क्या सही है। इसी लग्न पर बुध और शुक्र के वक्री होने से आपको अपनी पहचान, रिश्तों, और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं की समीक्षा करनी पड़ सकती है। इस दौरान पुरानी बातचीत और पुराने फैसले दोबारा विचार के लिए सामने आ सकते हैं। गुरु के सिंह राशि में प्रवेश के बाद मित्रों, नेटवर्क और लंबी अवधि के लक्ष्यों से जुड़े विषय सक्रिय होंगे।
वृश्चिक
वृश्चिक लग्न के जातकों के लिए शुक्र और बुध बाहरवें भाव में वक्री होने से पुराने संबंध अथवा वित्तीय मामले दोबारा सामने आ सकते हैं और प्रोफेशनल अथवा सोशल सर्किल में गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल आपके करियर को लेकर सक्रियता बढ़ा सकता है, लेकिन कार्यस्थल पर आपकी प्रतिक्रियाएं भी तीव्र हो सकती हैं। गुरु का सिंह राशि में प्रवेश करियर, पहचान और अधिकार से जुड़े नए अध्याय की शुरुआत कर सकता है।
धनु
धनु लग्न के जातकों के लिए ग्याहरवें भाव में शुक्र और बुध के वक्री होने के कारण प्रोफेशनल रिश्तों में बदलाव या पुनर्विचार हो सकता है और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण कम्युनिकेशन में देरी संभव है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल यात्रा, शिक्षा अथवा मान्यताओं से जुड़े मामलों में तीव्रता बढ़ा सकता है। गुरु का सिंह राशि में प्रवेश उच्च शिक्षा, लंबी दूरी की यात्रा, गुरु अथवा मेंटर्स और विस्तार से जुड़े क्षेत्रों को सक्रिय करेगा। केतु इसमें आध्यात्मिक अथवा आत्म विश्लेषण का पहलू जोड़ सकता है।
मकर
मकर लग्न के जातकों के लिए दसवें भाव में शुक्र और बुध के वक्री होने से प्रोफेशनल सहयोग और सार्वजनिक रिश्तों पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। इस दौरान करियर से जुड़े फैसलों और कम्युनिकेशन में संशोधन हो सकता है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल पार्टनरशिप अथवा संयुक्त वित्त से जुड़े मामलों में तीव्रता पैदा कर सकता है। गुरु के सिंह राशि में प्रवेश के बाद फोकस साझा संसाधनों, निवेश, परिवर्तन और गहरे भावनात्मक विषयों की तरफ बढ़ेगा।
कुंभ
कुंभ लग्न के जातकों के लिए नौवें भाव में शुक्र और बुध के वक्री होने के कारण करीबी रिश्तों में अपनी अपेक्षाओं पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। इस दौरान यात्रा, शिक्षा अथवा पार्टनरशिप से जुड़े विषयों पर बार-बार बातचीत हो सकती है। अश्लेषा नक्षत्र में मंगल काम और स्वास्थ्य से जुड़ी दिनचर्या में तीव्रता बढ़ा सकता है। गुरु का सिंह राशि में प्रवेश आपके पार्टनरशिप सेक्टर को सक्रिय करेगा। केतु आपको यह सोचने के लिए प्रेरित कर सकता है कि रिश्तों से आप वास्तव में क्या चाहते हैं।
मीन
मीन लग्न के जातकों के अष्टम भाव में शुक्र और बुध के वक्री होने के कारण वित्तीय व्यवस्थाओं और भावनात्मक जुड़ाव की समीक्षा करनी पड़ सकती है। इसके साथ ही संयुक्त वित्तीय अथवा प्रोफेशनल मामलों में सुधार और संशोधन की आवश्यकता पड़ सकती है।अश्लेषा नक्षत्र में मंगल प्रेम संबंधों अथवा रचनात्मक मामलों में तीव्रता बढ़ा सकता है। गुरु का सिंह राशि में प्रवेश काम, सेवा, स्वास्थ्य और दैनिक दिनचर्या की तरफ आपका ध्यान बढ़ाएगा।
- गौरी जैन
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
