Vrindavan's ISKCON Temple News: वृंदावन के इस्कॉन मंदिर में मिनी स्कर्ट, स्लीवलेस पर बैन

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 10:10 AM (IST)

मथुरा (एजैंसी) : विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर प्रबंधन ने सनातन परंपरा, सभ्यता और मंदिर की पवित्रता को बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।  मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए शालीन और पारंपरिक पोशाक पहनना अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि छोटे और अमर्यादित कपड़े पहनकर आने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

इस संबंध में प्रबंधन ने मंदिर के प्रवेश द्वारों पर नियम व निर्देशों से संबंधित बोर्ड भी लगा दिए हैं। मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के स्लीवलेस कपड़े, शॉर्ट्स, मिनी स्कर्ट, हॉफ पैंट और पारदर्शी वस्त्र पहनकर आने पर रोक रहेगी। 

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भारतीय संस्कृति के अनुरूप साड़ी, सूट-सलवार, या अन्य पारंपरिक परिधान पहनकर ही आएं। इसके साथ ही मंदिर परिसर के भीतर भक्तिमय माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से रील्स बनाने, फोटोग्राफी और सेल्फी लेने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंदिर के पीआरओ रविलोचन दास ने बताया कि मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News