Mahakal Holi 2026 : महाकाल की नगरी से रंगोत्सव का शुभारंभ, वैदिक मंत्रों के बीच हुआ होलिका दहन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 09:07 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Mahakal Holi 2026 : महाकालेश्वर मंदिर के आंगन में होलिका दहन के साथ देशभर में होली पर्व की शुरुआत हो गई। धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर में परंपरा के अनुसार विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। संध्या आरती के दौरान पुजारियों ने भगवान महाकाल को प्रतीकात्मक रूप से एक किलो हर्बल गुलाल अर्पित किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर परिसर में गोबर के उपलों से निर्मित होलिका का दहन किया गया।

Mahakal Holi 2026

सुरक्षा कारणों के चलते इस बार भी आम श्रद्धालुओं को होलिका दहन स्थल के समीप जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूर्व में हुई अग्नि घटना को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। आयोजन के दौरान संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

महाकाल मंदिर में धुलेंडी का पर्व मंगलवार को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रातः 4 बजे होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में सबसे पहले भगवान महाकाल को गुलाल अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान का भांग और चंदन से विशेष शृंगार किया जाएगा।

Mahakal Holi 2026

धार्मिक मान्यता है कि महाकाल की नगरी से होली उत्सव का शुभारंभ अत्यंत मंगलकारी माना जाता है। इसी के साथ पूरे देश में रंगों के इस पावन पर्व की धूम देखने को मिल रही है।

विशाल ठाकुर 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News