Maha Shivaratri 2026 : महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को राहत, महाकाल के लिए 3 मेला स्पेशल ट्रेनें दौड़ेंगी
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 08:50 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Maha Shivaratri 2026 : महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए उज्जैन, भोपाल और संत हिरदाराम नगर के बीच तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। मंडल के प्रवक्ता मुकेश कुमार के अनुसार ये विशेष ट्रेनें 13 फरवरी से अलग-अलग तिथियों तक संचालित रहेंगी।
ट्रेन नंबर 09305/09306 (उज्जैन–संत हिरदाराम नगर–उज्जैन)
यह ट्रेन 13 से 22 फरवरी तक रोजाना चलेगी। सुबह 9 बजे उज्जैन से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान कर शाम 7:30 बजे उज्जैन लौटेगी। रास्ते में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
ट्रेन नंबर 09307/09308 (उज्जैन–भोपाल–उज्जैन)
यह सेवा 13 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी। रात 9 बजे उज्जैन से चलकर करीब 2:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में भोपाल से सुबह 3:10 बजे रवाना होकर 8 बजे उज्जैन पहुंचेगी। यह ट्रेन ऊपर बताए गए सभी स्टेशनों के साथ संत हिरदाराम नगर में भी रुकेगी।
ट्रेन नंबर 09313/09314 (उज्जैन–संत हिरदाराम नगर–उज्जैन)
यह ट्रेन भी 13 से 22 फरवरी तक प्रतिदिन चलेगी। शाम 4 बजे उज्जैन से प्रस्थान कर रात 9:40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में रात 10:30 बजे चलकर अगले दिन तड़के 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी। इसके स्टॉपेज भी पहले वाली ट्रेन के समान रहेंगे।
रेलवे प्रशासन ने इन विशेष ट्रेनों में सामान्य और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे लगाए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किफायती और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। इन अतिरिक्त सेवाओं से महाशिवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।
