Magh Mela 2026 : मकर संक्रांति पर संगम में आस्था का महास्नान, 1 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 08:46 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Magh Mela 2026 : प्रयागराज माघ मेले में मकर संक्रांति स्नान को लेकर प्रशासन ने तैयारियों का दायरा बढ़ा दिया है। पौष पूर्णिमा के अवसर पर संगम तट पर उम्मीद से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बाद अब प्रशासन ने मकर संक्रांति पर्व के लिए अपनी रणनीति पर दोबारा काम शुरू कर दिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार माघ मेले के दौरान मकर संक्रांति पर करीब एक करोड़ श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान के लिए पहुंच सकते हैं।
श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए संगम क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है। घाटों को और अधिक चौड़ा करने के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि स्नानार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन नई प्लानिंग के साथ मैदान में उतर चुका है।
दरअसल, पहले मकर संक्रांति पर लगभग 50 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया गया था और उसी आधार पर व्यवस्थाएं की जा रही थीं। पिछले वर्ष 2024 के माघ मेले में मकर संक्रांति के दिन करीब 29 लाख लोगों ने संगम में स्नान किया था। लेकिन इस बार पौष पूर्णिमा पर ही श्रद्धालुओं की संख्या सभी अनुमानों से आगे निकल गई।
पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पुण्य स्नान किया, जिसके बाद यह माना जा रहा है कि मकर संक्रांति के दिन आस्था का नया रिकॉर्ड बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन अब एक करोड़ श्रद्धालुओं की संभावना के अनुरूप तैयारियां कर रहा है।
गौरतलब है कि पौष पूर्णिमा का स्नान पर्व 3 जनवरी को संपन्न हुआ था। आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति और 18 जनवरी को मौनी अमावस्या का पावन स्नान होना है। इन दोनों प्रमुख स्नान पर्वों पर संगम तट पर भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, इसलिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्नान व्यवस्था को लेकर सतर्कता और तैयारी और तेज कर दी है।
