महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ा प्लान, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को मिली रफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:53 AM (IST)

Ujjain Mahakal Mandir news : महाकाल महालोक कंट्रोल रूम स्थित मीटिंग हॉल में कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, मंदिर के आधुनिकीकरण और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए।

सबसे पहले बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया। महाकाल महालोक में श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत देने के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फैब्रिकेशन शेड बनाए जाएंगे। दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए अब QR आधारित फ्लैप बैरियर्स लगाए जाएंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन में सुधार होगा। वहीं संध्या और शयन आरती के महत्व के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डिजिटल सुविधाओं के तहत मंदिर की वेबसाइट पर अन्नक्षेत्र मॉड्यूल शुरू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु ऑनलाइन अन्नदान और भोजन बुकिंग कर सकेंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 299 करोड़ रुपये का बजट भी बैठक में पारित किया गया। सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए 80 नई स्टील दान पेटियां बनाने का प्रस्ताव मंजूर हुआ।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए करीब 1000 बैरिकेड्स लगाने और कंट्रोल रूम के एकीकरण एवं आधुनिकीकरण का भी निर्णय लिया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, इन फैसलों से महाकाल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुगम दर्शन का लाभ मिलने की उम्मीद है।

(विशाल ठाकुर)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News