Khatu Shyam Lakkhi Mela 2026 : खाटू जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें ! रींगस से मंदिर तक नया रूट और ट्रैफिक व्यवस्था जारी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 08:31 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Khatu Shyam Lakkhi Mela 2026 : सीकर के खाटूधाम में आस्था का महाकुंभ यानी बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। 28 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस 8 दिवसीय उत्सव में भक्ति की जबरदस्त लहर देखने को मिल रही है।

भव्य दरबार और विशेष सजावट
इस बार बाबा का दरबार किसी अलौकिक दृश्य से कम नहीं लग रहा है। करीब 120 बंगाली कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से जगमगा दिया है। मुख्य द्वार पर भगवान श्रीकृष्ण और अन्य देवताओं की सुंदर झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं।

 सुगम दर्शन के लिए नए नियम
प्रशासन इस साल लगभग 35 लाख भक्तों के आने की उम्मीद कर रहा है। भीड़ को संभालने के लिए कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं। श्रद्धालुओं को चरण मेला मैदान और लखदातार मैदान से होते हुए 14 अलग-अलग लाइनों में भेजा जाएगा। मेले के दौरान वीआईपी दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी ताकि आम भक्तों को परेशानी न हो। रींगस से खाटूधाम के बीच पदयात्रियों के लिए एक सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है, हालांकि घुमावदार रास्तों के कारण भक्तों को करीब 30 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ सकती है।

 प्रशासन की सख्त गाइडलाइंस
सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं:

मेले में डीजे, इत्र की बोतलें और कांटेदार गुलाब ले जाने पर रोक है।

निशान की ऊंचाई: पदयात्री जो निशान साथ लाएंगे, उसकी लंबाई 8 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

यातायात: खाटू कस्बे को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 2000 ई-रिक्शा लगाए गए हैं, जिनका किराया मात्र 25 रुपये तय है।

खाटूश्यामजी का यह मेला इस बार न केवल श्रद्धा बल्कि अपने बेहतरीन प्रबंधन और भव्यता के लिए भी याद किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News