Khatu Shyam Falgun Mela 2026 : बाबा श्याम के दरबार में हाईटेक सुरक्षा, 450+ CCTV से होगी हर कदम पर नजर

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 10:21 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 Khatu Shyam Falgun Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुन लक्खी मेला इस वर्ष 21 फरवरी से शुरू होगा और आठ दिनों तक चलेगा। मेले में करीब 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने इस बार दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया है।

मेले के दौरान खाटूश्यामजी में लगभग छह हजार पुलिसकर्मी और जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य जिलों से भी करीब चार हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी बुलाए जाएंगे। सीकर जिले के सभी 28 थानों से पुलिस बल और पुलिस लाइन का स्टाफ भी मेला ड्यूटी में लगाया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार, होमगार्ड के लगभग एक हजार जवान तैनात रहेंगे, जबकि मंदिर कमेटी की ओर से 1500 से अधिक सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस बल के साथ-साथ सुरक्षा गार्ड और सेवादार भी मेले की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

आपात स्थिति के लिए विशेष इंतजाम
मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लखदातार ग्राउंड और जिगजैग मार्ग के पास एक विशेष इमरजेंसी रास्ता बनाया जाएगा। इस रास्ते से घायल या बीमार श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। सभी जिगजैग मार्गों पर तीन पालियों में अलग-अलग टीमों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात पुलिस को विशेष रूप से तैनात किया जाएगा।

20 फरवरी से लागू होगी सुरक्षा व्यवस्था
खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि 21 और 22 फरवरी को शनिवार और रविवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है। इसी कारण सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां पहले से शुरू कर दी गई हैं। 20 फरवरी से ही अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।

सुरक्षा के मद्देनजर खाटूश्यामजी की हर सड़क और गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि फाल्गुन मेले के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में शांतिपूर्वक बाबा श्याम के दर्शन कर सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News