Kedarnath Yatra 2026 : केदारनाथ मंदिर में एंट्री को लेकर सारा अली खान चर्चा में, BKTC अध्यक्ष का बयान वायरल
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 10:52 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Kedarnath Yatra 2026 : इस वर्ष आयोजित होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। समिति के अनुसार, उसके अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर-सनातन धर्म के लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस संबंध में जानकारी बीकेटीसी की ओर से आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी गई।
प्रेसवार्ता के दौरान अभिनेत्री सारा खान के केदारनाथ धाम में दर्शन को लेकर उठे सवाल पर बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि जो भी व्यक्ति सनातन धर्म में आस्था और विश्वास रखता है, उसे सनातनी माना जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सारा खान केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए आती हैं, तो उन्हें पहले एक शपथ पत्र देना होगा।
समिति ने यह भी बताया कि मंदिर परिसर और गर्भगृह के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर भी रोक लगाई जाएगी। इसके लिए एक विस्तृत एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार की जा रही है, ताकि नियमों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
दरअसल, कुछ दिन पहले हुई बीकेटीसी की बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में गैर-सनातन लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने समेत कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए थे।
इस मुद्दे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बोर्ड के निर्णय का इंतजार किया जाएगा। साथ ही कानून, अधिनियम और पौराणिक परंपराओं का अध्ययन करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
