Kashi Vishwanath mandir news : बाबा विश्वनाथ की नगरी में नवरात्र का महाउत्सव, 9 दिन चलेगा भव्य अनुष्ठान
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 08:15 AM (IST)
Kashi Vishwanath mandir news : चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में शक्ति की आराधना का एक भव्य और अलौकिक समागम होने जा रहा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला चलेगी। इस वर्ष चैत्र नवरात्र के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने भक्तों के लिए कई विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि शिव और शक्ति के इस मिलन को श्रद्धालु यादगार बना सकें।
आयोजन के मुख्य आकर्षण
कलश यात्रा और जलाभिषेक: नवरात्र की पूर्व संध्या पर काशी विशालाक्षी शक्तिपीठ से नौ कलशों में गंगाजल भरकर विश्वनाथ धाम लाया जाएगा। पहले दिन मंगला आरती के बाद इन्हीं नौ कलशों के पवित्र जल से भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक किया जाएगा।
ललिता घाट पर भव्य गंगा आरती: इस बार एक ऐतिहासिक शुरुआत हो रही है। 19 मार्च से काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट द्वारा ललिता घाट पर भी भव्य गंगा आरती का आयोजन शुरू किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए एक नया और दिव्य अनुभव होगा।
माता विशालाक्षी को श्रृंगार अर्पण: नवरात्र के नौ दिनों तक बाबा विश्वनाथ की ओर से शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को प्रतिदिन नए वस्त्र और श्रृंगार सामग्री भेंट स्वरूप भेजी जाएगी। इसके साथ ही काशी की अन्य नवदुर्गा देवियों को भी धाम से श्रृंगार सामग्री भेजी जाएगी।
धार्मिक अनुष्ठान: परिसर में प्रतिदिन विधि-विधान से दुर्गासप्तशती का पाठ होगा। वहीं, रामनवमी (27 मार्च) के अवसर पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या: धाम के 'शिवार्चनम' मंच पर नौ दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें देश के जाने-माने कलाकार भजन और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।
भक्तों के लिए विशेष सुविधाएं
फलाहारी प्रसाद: व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर न्यास की ओर से नारियल और विशेष फलाहारी प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
सुगम दर्शन: भीड़ को देखते हुए 'सुगम दर्शन' की ऑनलाइन बुकिंग और हेल्पडेस्क को सक्रिय कर दिया गया है ताकि कतारों में लगने वाला समय कम हो सके।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
