Kamada Ekadashi 2026 : किस दिन रखा जाएगा कामदा एकादशी का व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:06 PM (IST)
Kamada Ekadashi 2026 : हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को कामदा एकादशी के नाम से जाना जाता है। जैसा कि इसके नाम से ही स्पष्ट है- कामदा यानी कामनाओं को पूर्ण करने वाली। माना जाता है कि हिंदू नववर्ष की यह पहली एकादशी भक्तों के सभी कष्टों का निवारण कर उन्हें मनोवांछित फल प्रदान करती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस व्रत के प्रभाव से न केवल पापों का नाश होता है, बल्कि व्यक्ति को जाने-अनजाने में हुई बड़ी से बड़ी गलतियों के दोष से भी मुक्ति मिल जाती है। श्रीहरि विष्णु की विशेष कृपा पाने के लिए यह दिन अत्यंत दुर्लभ संयोग लेकर आ रहा है। तो आइए जानते हैं कामदा एकदाशी के शुभ मुहूर्त और पूजा विधि के बारे में-
कामदा एकादशी 2026 व्रत तिथि और शुभ मुहूर्त
कामदा एकादशी तिथि की शुरुआत 28 मार्च 2026 को सुबह 08:45 बजे से हो जाएगी और इस तिथि का अंत अगले दिन 29 मार्च 2026 को सुबह 07:46 बजे होगा। शास्त्रों के अनुसार, एकादशी का व्रत उदया तिथि में रखना सर्वोत्तम माना जाता है। इस गणना के आधार पर, 29 मार्च 2026 को कामदा एकादशी का व्रत रखना शास्त्र सम्मत और शुभ रहेगा। जो भक्त 29 मार्च को उपवास रखेंगे, वे अगले दिन यानी 30 मार्च 2026 को सुबह 06:14 से 07:09 के बीच अपना व्रत खोल सकते हैं।
कामदा एकादशी पूजा विधि
सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान आदि से निवृत्त हों और पीले रंग के वस्त्र धारण करें।
मंदिर के सामने बैठकर हाथ में जल लेकर भगवान विष्णु के सम्मुख व्रत का संकल्प लें।
भगवान की मूर्ति को पंचामृत से स्नान कराएं। उन्हें पीले पुष्प, फल, और चंदन अर्पित करें।
विष्णु जी की पूजा में तुलसी दल अवश्य शामिल करें, इसके बिना पूजा अधूरी मानी जाती है।
शाम के समय तुलसी के पौधे और मंदिर में घी का दीपक जलाएं।
कामदा एकादशी की व्रत कथा का श्रवण करें और अंत में विष्णु सहस्रनाम या ओम जय जगदीश हरे की आरती करें।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
