नड्डा ने आदि कैलाश के किए दर्शन, जवानों का भी बढ़ाया हौसला
punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 08:12 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
पिथौरागढ़/नैनीताल (वार्ता): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा रविवार को चीन सीमा से सटे ज्योलिकोंग पहुंचे और पवित्र आदि कैलाश के दर्शन किए। उन्होंने सीमा प्रहरियों (सैनिकों) से भी मुलाकात की। इससे पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री लगभग 12 बजे देहरादून से सीधे गुंजी पहुंचे और व्यास घाटी की जनता ने उनका परंपरागत ढंग से भव्य स्वागत किया।
भाजपा अध्यक्ष को संस्कृति की प्रतीक पगड़ी पहनाई गई। नड्डा आदि कैलाश की प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत नजर आए। उन्होंने पार्वती कुंड और आदि कैलाश के निकट विराजमान भगवान शिव की विधि विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व की प्रशंसा करते हुए इसे अद्वितीय बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की ज्योलिकोंग यात्रा ने न केवल आदि कैलाश की आध्यात्मिक महत्ता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया है बल्कि इसे एक साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में भी नई पहचान दिलाई है।