प्रसिद्ध मानसबल झील के नीचे मिला प्राचीन जलमग्न मंदिर
punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 08:22 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
जम्मू (रितेश): जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित प्रसिद्ध मानसबल झील के नीचे एक प्राचीन जलमग्न मंदिर मिलने के संकेत मिले हैं। वहीं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ए.एस.आई.) के हाइड्रो पुरातत्व सैल ने हाल ही में इस स्थान पर एक वैज्ञानिक जल-पुरातात्विक खोज को पूरा किया है। यह खोज अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक उपकरणों की सहायता से की गई। इसका उद्देश्य झील के स्वच्छ जल के नीचे मौजूद वास्तु अवशेषों का अध्ययन और संरक्षण की स्थिति का आकलन करना था। प्रारंभिक जांच में ये संकेत मिले हैं कि झील के भीतर किसी प्राचीन मंदिर परिसर के ढांचे के अवशेष मौजूद हैं, जो इस क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर नई रोशनी डाल सकते हैं।
इस अभियान में ए.एस.आई. के अतिरिक्त महानिदेशक प्रो. आलोक त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम डॉ. अपराजिता शर्मा और डॉ. राजकुमारी बार्बिना सहित कई प्रशिक्षित जल-पुरातत्वविदों ने हिस्सा लिया। टीम ने सोनार स्कैनिंग, पानी के नीचे कैमरे और आधुनिक डाइविंग उपकरणों का इस्तेमाल किया। ए.एस.आई. के अधिकारियों के अनुसार प्राप्त जानकारियों का वैज्ञानिक विश्लेषण अभी जारी है। यह परियोजना भारत की जलमग्न सांस्कृतिक धरोहर की खोज और संरक्षण की दिशा में ए.एस.आई. के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
