Dwarkadhish Temple Mathura : ग्रहण में भी खुले रहेंगे द्वार ! मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर से बड़ी खबर
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 10:01 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Dwarkadhish Temple Mathura : मथुरा स्थित ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में इस बार होली और चंद्र ग्रहण के चलते दर्शन समय में विशेष बदलाव किया गया है। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीन मार्च को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के दौरान भी श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे। उस दिन दोपहर 3:20 बजे से शाम 6:50 बजे तक मंदिर के पट खुले रहेंगे।
मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी के अनुसार, होली उत्सव और ग्रहण दोनों को ध्यान में रखते हुए यह नई समय-सारिणी तय की गई है। एक मार्च को सुबह मंगला, ग्वाल और शृंगार झांकी के दर्शन होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक ठाकुरजी बगीचे में विराजमान होकर भक्तों के साथ होली उत्सव में शामिल होंगे। उसी दिन शाम 4:30 से 5 बजे तक शयन दर्शन होंगे और इसके बाद दर्शन बंद कर दिए जाएंगे।
दो मार्च को नियमित दर्शन व्यवस्था जारी रहेगी, जबकि सुबह 10 से 11 बजे तक विशेष होली दर्शन का आयोजन किया जाएगा। तीन मार्च को सुबह 6 बजे होलिका दहन संपन्न होगा। इसके पश्चात मंगला, शृंगार और ग्वाल झांकी के दर्शन होंगे। डोल महोत्सव का आयोजन सुबह 10 से 10:30 बजे तक तथा दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक किया जाएगा।
चंद्र ग्रहण के समय भी मंदिर के द्वार खुले रखने का निर्णय श्रद्धालुओं के लिए राहत भरा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी होली पर देशभर से बड़ी संख्या में भक्त मथुरा पहुंचते हैं, और वे बदली हुई व्यवस्था के अनुसार सहजता से ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे।
