Hindu Nav Varsh 2025: इस दिन से शुरू होगा हिन्दू नववर्ष, जानें कौन होगा इसका स्वामी
punjabkesari.in Thursday, Mar 06, 2025 - 06:41 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Hindu Nav Varsh 2025: हिन्दू पंचांग के मुताबिक, नव वर्ष की शुरुआत चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। इसे विक्रम संवत अथवा नव संवत्सर भी बोला जाता है। जो इस बार 2082 होगा। 2025 में हिन्दू नववर्ष का आरंभ 30 मार्च रविवार को होगा। भारतीय काल गणना में विक्रम संवत पंचांग को सर्वाधिक महत्व दिया जाता है। विक्रम संवत पंचांग के अनुसार ही विवाह, नामकरण, गृह प्रवेश इत्यादि शुभ कार्यों के शुभ मुहूर्त तय किए जाते हैं। नव संवत्सर आरंभ का यह माह इसलिए भी विशेष है क्योंकि इसी माह धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक हुआ था। भगवान विष्णु जी का प्रथम अवतार भी इसी दिन हुआ। नवरात्रि की शुरुआत भी इसी दिन से होगी। चैत्र का आध्यात्मिक स्वरूप इतना उन्नत है कि इसने बैकुंठ में बसने वाले ईश्वर को भी धरती पर उतार दिया।
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को ही त्रिदेवों में से एक ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। इस तिथि पर कुछ अन्य कार्य भी सम्पन्न हुए जिससे यह दिवस और भी विशेष हो गया।
विक्रम संवत का आरंभ 57 ई.पू. में उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर हुआ था। सम्राट विक्रमादित्य के शासन से पहले उज्जैन पर अत्यंत क्रूर प्रवृत्ति के शक राजाओं का शासन था जो अपनी प्रजा को सदैव कष्ट दिया करते थे। सम्राट विक्रमादित्य को न्यायप्रिय और अपनी प्रजा के हित को ध्यान में रखने वाले शासक के रूप में जाना जाता है। सम्राट विक्रमादित्य ने उज्जैन की प्रजा को शक राजाओं के अत्याचारी शासन से मुक्ति दिलाई और अपनी जनता को भयमुक्त कर दिया। इसके बाद विक्रमादित्य के विजयी होने की स्मृति में विक्रम संवत पंचांग का निर्माण किया गया था।
Hindu New Year 2025 Date नव संवत्सर में कौन सा ग्रह होगा राजा ?
जिस दिन से हिन्दू नववर्ष का आरंभ होता है। उस दिन के स्वामी को राजा माना जाता है। साल 2025 के राजा नवग्रहों के राजा सूर्य नारायण हैं। जब वैशाख महीने का पहला दिन होता है, उस दिन के स्वामी को मंत्री कहा जाता है। साल 2025 के मंत्री भी सूर्य देव हैं।
वैशाख महीने की शुरुआत 13 अप्रैल, 2025 दिन रविवार से होगी।