दशहरा पूजा के दौरान महिला आई.पी.एस. अधिकारी ने चलाई ए.के.-47, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 12:30 PM (IST)
रायपुर (एजैंसी): छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दशहरा के अवसर पर पारंपरिक ‘शस्त्र पूजा’ के दौरान भारतीय पुलिस सेवा (आई.पी.एस.) की एक महिला अधिकारी द्वारा ए.के.-47 राइफल से हवा में गोलीबारी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे पारंपरिक रस्म का हिस्सा बताते हुए अधिकारी का बचाव किया, जबकि अन्य ने हथियारों को सुरक्षित तरीके से संभालने को लेकर सवाल उठाए।
मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव शहर के पुलिस लाइंस में शस्त्र पूजा की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की मौजूदगी में शस्त्रागार में रखे हथियारों और विभागीय वाहनों की पूजा हुई। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में साड़ी पहने शर्मा ए.के.-47 राइफल से कई बार हवा में गोली चलाती हुई नजर आ रही हैं। एक अन्य वीडियो में राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर भी उनके बाद राइफल से गोली चलाते दिख रहे हैं। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, कबीरधाम और बस्तर सहित अन्य जिलों से भी शस्त्र पूजा के बाद पुलिस कर्मियों के गोलीबारी करने के वीडियो सामने आए। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों से कहा कि विभाग इस मामले का संज्ञान लेगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
