Dr Norman Vincent Peale story: पाने चाहते है हर समस्या का समाधान तो पढ़ लें यह कथा एक बार
punjabkesari.in Thursday, Oct 19, 2023 - 08:25 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Dr Norman Vincent Peale story: डॉक्टर नॉर्मन को युवा अवस्था में एक बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा, जिससे वह बहुत तनावग्रस्त हो गए। एक दिन उनके किसी दोस्त ने बताया कि अमुक व्यक्ति उनकी समस्या को सुलझा सकता है।
डॉ. नॉर्मन उस व्यक्ति के पास पहुंचे और बोले, ‘‘मेरी समस्या किसी भी तरह सुलझती ही नहीं।’’
यह सुनते ही वह सज्जन व्यक्ति बोले, ‘‘अरे वाह, आपके पास एक समस्या है, बधाई हो।’’
यह सुनकर डॉ. नॉर्मन अपने गुस्से को दबाते हुए बोले, ‘‘बधाई किस लिए ? आपको तो मुझसे सहानुभूति होनी चाहिए कि मैं बेहद परेशान हूं।’’
वह व्यक्ति बोले, ‘‘सहानुभूति क्यों भाई ? यह तो सचमुच बधाई वाली बात है। इस समस्या से कोई बड़ी अद्भुत चीज निकल कर आपके जीवन में आने वाली है।’’
यह सुनकर डॉ. नॉर्मन सोच में पड़ गए कि क्या कोई व्यक्ति समस्या को इस तरह से भी देखता है। उनका मूड बदल गया था। अब उन्होंने इत्मीनान से अपनी समस्या उन्हें बताई। धैर्यपूर्वक उनकी बात पूरी सुनने के बाद वह सज्जन फिर मुस्कुरा कर बोले, ‘‘इससे मत डरिए। ध्यान दीजिए, आपकी ओर देखकर आपकी समस्या आपको लुका-छिपी खेलने के लिए बुला रही है। इसमें कोई दिलचस्प चीज छिपी है। मजा इसमें है कि आप इसे खोज लें।’’
इसके बाद वह बोले, ‘‘हर समस्या की एक कमजोर जगह होती है, उसे ढूंढ ले तो फिर समस्या तो हल होती ही है। इसके साथ ही वह अद्भुत सफलता और नए मार्गों का निर्माण भी करती है।’’
डॉ. नॉर्मन ने उनकी यह बात गांठ बांध ली। उन्हीं नॉर्मन को आगे चलकर पूरी दुनिया ने महान ‘मोटीवेटर’ के रूप में जाना। उन्होंने 50 से ज्यादा पुस्तकें लिखी हैं। उनकी पुस्तकें लोगों को समस्याओं का स्वागत करना सिखाती हैं। यह बात हो रही है, डॉ. नॉर्मन विंसेंट पील की, जिन्होंने 1993 में 95 वर्ष की उम्र में अपने देहांत से पहले अपनी बेस्टसेलर पुस्तकों के जरिए इस दुनिया को समस्याओं से जूझने की मजेदार राह दिखाई।