Death Anniversary of Maharaja Ranjit Singh: महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाक जाने के लिए 290 श्रद्धालुओं को मिले वीजे
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 02:55 PM (IST)
अमृतसर/जैतो (सर्बजीत, पराशर): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान भेजे जाने वाले 290 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुए हैं। यह जत्था 21 जून की सुबह शिरोमणि कमेटी के मुख्य कार्यालय से पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।
धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर गुरुद्वारा श्री डेरा साहिब लाहौर में होने वाले समागम में भाग लेने तथा पाकिस्तान स्थित अन्य गुरुधामों के दर्शन के लिए 302 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा लगवाने के लिए भेजे गए थे, जिनमें 290 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुए हैं जबकि नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास द्वारा 12 श्रद्धालुओं को वीजा नहीं दिए गए।
उन्होंने बताया कि यह जत्था विभिन्न गुरुधामों के दर्शन करने के उपरांत 29 जून को महाराजा रणजीत सिंह की बरसी समागमों में शमूलियत करने के बाद 30 जून को भारत लौटेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे वीजा लगे अपने पासपोर्ट 20 और 21 जून को शिरोमणि कमेटी कार्यालय से प्राप्त कर लें।
